पत्नी की हत्या कर सड़क दुर्घटना का नाटक रचने वाले पति को जेल

परिजन की शिकायत पर बीमा राशि के लिए हत्या करने की बात की भी पुलिस कर रही है जांच

पदमा. पत्नी की गला दबाकर हत्या कर सड़क दुर्घटना में मौत बताकर लोगों को गुमराह करने वाले पति मुकेश मेहता पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है. मुकेश ने परिजनों और पुलिस के समक्ष पत्नी की हत्या करने का गुनाह कबूल कर लिया है. इस घटना से आक्रोशित सरैया, बंदरबेला और दोनइखुर्द के बड़ी संख्या में ग्रामीण पदमा ओपी पहुंचे. सभी आरोपी मुकेश मेहता पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे. इसकी सूचना मिलते ही बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल और बरही इंस्पेक्टर चंद्रशेखर प्रसाद पदमा ओपी पहुंचे. ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पुलिस तत्परता से इस घटना की जांच कर रही है. इस घटना में शामिल सभी आरोपियों को पकड़ा जायेगा. एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी मुकेश मेहता नौ अक्तूबर को अपनी पत्नी सेवंती कुमारी के साथ हजारीबाग से रात लगभग साढ़े आठ बजे लौटने के दौरान लाटी जंगल मोड़ पर सड़क के पास एकांत में पहले पत्नी के सिर पर हेलमेट से वार कर उसे घायल कर दिया. फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद उसे सड़क पर लाकर बाइक के साथ लेटाकर खुद भी लेट गया. लोगों को बताया कि सड़क दुघर्टना में पत्नी की मौत हो गयी. जबकि जांच में खुलासा हुआ कि दुर्घटना में मुकेश मेहता को खरोंच तक नहीं लगी थी और न ही बाइक को कोई नुकसान हुआ था. पूछताछ के बाद घटनास्थल से मुकेश द्वारा छिपाया गया हेलमेट बरामद कर लिया गया है. परिजनों की शिकायत पर पदमा पुलिस की जांच में बीमा की राशि वसूलने के लिए हत्या करने की भी बात सामने आ रही है. पुलिस उस दिशा में भी जांच कर रही है. मृतका के परिजनों के आवेदन पर मुकेश मेहता और उसकी भाभी सुनीता देवी पर मामला दर्ज कर लिया गया है. मुकेश मेहता को जेल भेज दिया गया है. हत्या में अन्य लोगों की भी संलिप्तता उजागर होने की संभावना है.

मृतका के पिता ने कहा, एक सप्ताह पहले ही बाइक खरीदने के लिए 50 हजार दिया था

मृतका सेवंती के पिता महावीर मेहता ने बताया कि एक जून 2025 को पुत्री की शादी की थी. शादी के एक माह बाद से ही मुकेश मेहता और उसकी भाभी सुनीता देवी बेटी को प्रताड़ित करने लगे. मुकेश को काम करने के लिए पहले एक लाख और एक सप्ताह पहले बाइक लेने के लिए 50 हजार रुपये दिया था. इस बीच जानकारी मिली कि मुकेश ने शादी के एक माह बाद ही दोनइकला के अपने एक रिश्तेदार के सहयोग से सेवंती का 15 लाख का बीमा कराया है. जिसका सालाना प्रीमियम 70 हजार के करीब है. मुकेश मजदूरी का काम करता है. वह प्रीमियम भरने में सक्षम भी नहीं है. उसने बीमा कराकर डेथ क्लेम का पैसा लेने के लिए अपने कुछ सहयोगी के साथ मिलकर मेरी बेटी की हत्या की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUNIL PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >