बरकट्ठा. बरकनगांगों गांव में हुई उमाशंकर यादव की मौत को लेकर बरकट्ठा थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है. मृतक की पत्नी पूजा कुमारी ने पति की हत्या षड्यंत्र के तहत करने का आरोप ससुरालवालों पर लगाया है. आवेदन में कहा है कि उसकी शादी वर्ष 2023 में उमाशंकर यादव (पिता फुलांगी यादव) के साथ हुई थी. बेटी परिधि कुमारी के जन्म लेने के बाद ससुर और घर के सदस्यों ने मुझे बेटा नहीं होने पर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. कहा जाने लगा कि बेटी के जीवन यापन और विवाह में होनेवाले खर्च के एवज में मायके से पांच लाख रुपये दहेज में अतिरिक्त लेकर आने पर ही तुम्हें रखेंगे. इसकी जानकारी पति को दी, तो उन्होंने मेरा साथ देते हुए दहेज लेने से मना कर दिया. जिसके बाद ससुरालवाले मुझसे और मेरे पति से बुरा बर्ताव करने लगे. पति ने घर में तनाव कम करने के लिए मुझे 24 सितंबर को मायके घरौंजा भेज दिया. इसी बीच 25 सितंबर को गांव वालों से पति की मौत की सूचना मिली. जब परिजनों के साथ बरकनगांगों पहुंची, तो देखा कि ससुरालवाले आनन-फानन में पति के शव का अंतिम संस्कार कर रहे थे. जिसकी सूचना तत्काल बरकट्ठा थाना पुलिस को दी गयी. वहीं शव को जलाने से रोकने पर मेरे परिवार के लोगों को अंतिम संस्कार पूरा होने तक बंधक बनाकर रखा गया. पूजा कुमारी ने ससुराल वालों पर पति की हत्या कर साक्ष्य छुपाने की नीयत से जल्दबाजी करने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
