हजारीबाग. हजारीबाग में पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया है. इस भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था में लापरवाही ने कई लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है. शहर के न्यू एरिया गली नंबर दो और चार में 24-25 मई की मध्य रात्रि केबल जलने से हुए फॉल्ट के बाद हाई-वोल्टेज से कई घरों के एयर कंडीशनर, पंखे, कूलर, फ्रिज और इनवर्टर जल गये. देखते ही देखते लोगों की वर्षों की कमाई से खरीदे गये उपकरण बेकार हो गये. जिससे उनमें आक्रोश है. गर्मी से राहत देने वाले ये उपकरण ठप जलने से लोगों को अब दोहरी मार झेलनी पड़ रही है. वार्ड पार्षद पमिता सिन्हा और उनके पति राजेश सिन्हा ने बताया कि इस घटना की सूचना बिजली विभाग को दी है. सुबह जले ट्रांसफॉर्मर व केबल को बदला गया है. अब मुहल्ले में बिजली सामान्य हो गयी है. इधर बिजली विभाग के कनीय अभियंता अवतेश कुमार ने बताया कि ओवरलोड की वजह से केबल में आग लगी थी. जिसे ठीक कर लिया गया है.
हाई वोल्टेज से कई घरों के पंखे, एसी और फ्रिज जले
न्यू एरिया की दो गलियों में केबल जलने से हुआ फॉल्ट
