हजारीबाग में सिंघानी से कटकमदाग तक 20 करोड़ से बनेगी सड़क, विधायक प्रदीप प्रसाद की पहल लाई रंग

हजारीबाग की महत्वपूर्ण सिंघानी से कटकमदाग सड़क अब 20 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी। विधायक प्रदीप प्रसाद की पहल के बाद जारी निविदा 29 सितंबर को खुलेगी। यह सड़क शहर और ग्रामीण इलाकों को जोड़ेगी, जिससे हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।


Hazaribagh News: हजारीबाग की जर्जर सड़कों को लेकर विधायक प्रदीप प्रसाद की पहल का असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है. सिंघानी से कटकमदाग तक जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण के लिए करीब 20 करोड़ रुपये की निविदा जारी कर दी गई है. विभागीय जानकारी के अनुसार इस सड़क परियोजना की निविदा 29 सितंबर 2026 को खोली जाएगी. इसके बाद सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा.

शहर और ग्रामीण क्षेत्र को जोड़ने वाली अहम सड़क

यह सड़क सिंघानी से शुरू होकर कोर्रा-मटवारी, डिस्ट्रिक्ट बोर्ड चौक, इंद्रपुरी चौक, मेन रोड और कूद होते हुए कटकमदाग तक पहुंचेगी. यह मार्ग हजारीबाग शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है. वर्तमान में सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है. खासकर छात्रों, व्यवसायियों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना आने-जाने वाले हजारों नागरिकों को खराब सड़क की वजह से कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. सड़क निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है.

29 सितंबर को खुलेगी निविदा

विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक सड़क निर्माण के लिए जारी टेंडर 29 सितंबर को खोला जाएगा. इसके बाद तकनीकी और विभागीय प्रक्रियाएं पूरी कर निर्माण एजेंसी का चयन किया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे.

अधिकारियों के साथ बैठक के बाद बढ़ी प्रक्रिया

इस परियोजना को लेकर 3 सितंबर 2026 को परिसदन भवन, हजारीबाग में विधायक प्रदीप प्रसाद ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के कार्यपालक अभियंता रंजीत वर्णवाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की थी. बैठक में विधायक ने जिले की जर्जर सड़कों पर जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया था. इसके बाद संबंधित विभागों के बीच लगातार समन्वय और प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद अब इस महत्वपूर्ण सड़क के लिए निविदा जारी कर दी गई है.

इसे भी पढ़ें: निजी स्कूलों की लापरवाही पर हजारीबाग DEO सख्त, 18 सितंबर की बैठक से गायब स्कूलों पर होगी कार्रवाई

चरणबद्ध तरीके से दुरुस्त होंगी जर्जर सड़कें

विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा, "हजारीबाग की जर्जर सड़कों को चरणबद्ध तरीके से ठीक करना मेरी प्राथमिकता है." उन्होंने कहा कि शहर और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बेहतर, सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि सड़क निर्माण शुरू होने के बाद लोगों को वर्षों से चली आ रही खराब सड़क की समस्या से राहत मिलेगी और जिले के विकास को भी गति मिलेगी. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और लंबे समय से जर्जर इस मार्ग की तस्वीर बदलेगी.

इसे भी पढ़ें: झारखंड राज्य स्तरीय नेहरू हॉकी कप के लिए हजारीबाग की टीम रवाना, DSE आकाश कुमार ने दिखाई हरी झंडी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Arif

हजारीबाग के आरिफ पिछले 26 वर्षों से प्रभात खबर के साथ निष्पक्ष, जनसरोकार एवं जमीनी पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. हजारीबाग में खासकर शिक्षा विभाग मतलब सरकारी स्कूल के कक्षा एक से 12वीं तक की विभिन्न विषयों पर लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं. इसके अलावा कमिश्नरी ऑफिस, इंजीनियरिंग विभाग, पशुपालन विभाग, बंदोबस्त कार्यालय, आरटीओ, डीटीओ दोनों कार्यालय और जिला निबंधन कार्यालय से जुड़ी खबरों पर लगातार फोकस करते आ रहे हैं.

सामाजिक और राजनीति सरोकार से जुड़े विषयों में उनकी विशेष रूचि रही है. पत्रकारिता करने के दौरान कई राजनीतिक व्यक्तित्व, कवि, रचनाकार व लेखक से मिलना भी उनकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं. झारखंड अलग होने से पहले प्रभात खबर में पत्रकारिता की शुरुआत चतरा जिले के टंडवा प्रखंड से की थी. तब पत्रकारिता में कई चुनौतियां थीं. इनका लगातार सामना करते हुए आज एक सफल पत्रकारिता के रूप में कार्य कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >