हजारीबाग: हजारीबाग यूथ विंग की ओर से सोमवार को सीसीआर परिसर में बारिश के दौरान ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के बीच रेनकोट का वितरण किया गया. पहले चरण में 60 से अधिक ट्रैफिक जवानों को रेनकोट उपलब्ध कराये गये. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसपी अमन कुमार ने कहा कि हर मौसम में नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान में किया गया यह प्रयास सराहनीय है.
इससे पुलिस और समाज के बीच विश्वास और सहयोग की भावना मजबूत होगी. इस अवसर पर मुख्यालय डीएसपी ज्ञान रंजन, सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह, सीसीआर डीएसपी मो अरमानुल हक, सार्जेंट मेजर कुमार देवव्रत तथा ट्रैफिक थाना प्रभारी अनूप कुमार मौजूद थे.
संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि समाज की सुरक्षा में जुटे फ्रंटलाइन पुलिस वॉरियर्स का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है. संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने बताया कि बारिश में ड्यूटी कर रहे जवानों की सुविधा को ध्यान में रखकर यह पहल की गयी है.
उन्होंने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग आगे भी सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े जनहित के कार्य करता रहेगा. कार्यक्रम में संस्था की ओर से रितेश खंडेलवाल, सेजल सिंह, खुशी कुमारी, वर्षा डे सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे.
