हजारीबाग में अंधविश्वास की हद: डॉक्टर ने जिस बच्चे को मृत बताया, उसके शव पर घंटों तांत्रिक फूंकता रहा मंत्र

Hazaribagh Snakebite Case: हजारीबाग स्थित चौपारण के रेंबो करमा गांव में सांप काटने से 13 वर्षीय ऋषि कुमार की मौत हो गई. लेकिन डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित करने के बाद भी परिजन 12 घंटे तक झाड़-फूंक कराते रहे.

चौपारण से अजय ठाकुर की रिपोर्ट

Hazaribagh Snakebite Case, हजारीबाग : हजारीबाग जिले के चौपारण प्रखंड अंतर्गत रेंबो करमा गांव में अंधविश्वास के कारण एक ऐसी दुखद घटना घटी, जिसने समाज को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया है. दरअसल यहां सर्पदंश (सांप काटने) के बाद एक मासूम बच्चे की जान बचाने की अंधी उम्मीद में पूरा परिवार डॉक्टरों द्वारा आधिकारिक रूप से मृत घोषित किए जाने के बावजूद, शव को करीब 12 घंटों तक तांत्रिक और ओझा के झाड़-फूंक के भरोसे रखा गया. यह मामला रेंबो करमा गांव के निवासी अरविंद रविदास के घर का है, जहां उनके 13 वर्षीय बेटे ऋषि कुमार की सांप के काटने और समय पर सही इलाज न मिलने के कारण मौत हो गई. यह वाकया पूरे क्षेत्र में भारी चर्चा और आत्ममंथन का विषय बना हुआ है.

मुंह से फेन निकलता देख कोडरमा भागे परिजन

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात अरविंद रविदास का पूरा परिवार अपने घर में सोया हुआ था. इसी बीच आधी रात को एक जहरीला सांप घर के भीतर घुस आया और बिस्तर पर सो रहे अरविंद के 13 वर्षीय पुत्र ऋषि कुमार को डंस लिया. इसी दौरान अचानक अरविंद की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि एक सांप रेंगते हुए घर से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा है. अरविंद के शोर मचाने पर घर के बाकी सदस्य भी जाग गए और आनन-फानन में सभी ने मिलकर उस सांप को मार डाला और साक्ष्य मिटाने के लिए उसे तुरंत जला भी दिया. उस वक्त तक परिवार के किसी भी सदस्य को यह आभास तक नहीं था कि सांप ने सोते हुए ऋषि को अपना शिकार बना लिया है. कुछ देर बाद जब घरवाले ऋषि को जगाने उसके पास गए, तो देखा कि वह अचेत पड़ा है और उसके मुंह से लगातार फेन (झाग) निकल रहा है. यह देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई और यह खबर गांव में आग की तरह फैल गई.

Also Read: हजरत पैगंबर पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में गिरिडीह में प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में शिकायत

दो-दो अस्पतालों ने किया मृत घोषित

गांव में मची अफरा-तफरी के बीच परिजन अचेत ऋषि को लेकर तुरंत नजदीकी सदर अस्पताल कोडरमा भागे. वहां के डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद ऋषि को ‘ब्रॉट डेड’ यानी मृत घोषित कर दिया. इसके बावजूद परिवार वालों का दिल इस कड़वी सच्चाई को स्वीकार करने को तैयार नहीं हुआ. वे डॉक्टरों की बात को अनसुना कर ऋषि के शव को लेकर तुरंत बरही के एक अन्य निजी चिकित्सक के पास पहुंचे. वहां भी जांच के बाद डॉक्टर ने स्पष्ट कर दिया कि बच्चे के शरीर में जहर फैल चुका है और उसकी मौत हो चुकी है. दो-दो चिकित्सा संस्थानों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद भी, परिजनों की आंखों पर अंधविश्वास का चश्मा चढ़ा रहा. वे शव को लेकर घर आ गए और किसी तांत्रिक के बहकावे में आकर पूरे 12 घंटे तक तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक का तमाशा करवाते रहे कि बच्चा दोबारा जिंदा हो जाएगा. आखिरकार, जब शरीर पूरी तरह ठंडा पड़ गया, तब जाकर परिजनों ने हार मानी.

तंत्र मंत्र का तमाशा देखने के लिए जुटी रही भीड़

तांत्रिक के तंत्र-मंत्र का यह पूरा तमाशा देखने के लिए गांव में सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी रही, लेकिन दुर्भाग्यवश किसी ने भी इस अंधविश्वास का पुरजोर विरोध नहीं किया. यह घटना आज के डिजिटल युग में भी ग्रामीण इलाकों में फैली अशिक्षा और अंधविश्वास की जड़ों को उजागर करती है. बुद्धिजीवियों और स्थानीय जागरूक लोगों का कहना है कि यदि सांप के डंसने तुरंत बाद ही बच्चे के शरीर की जांच कर ली जाती और तांत्रिकों के चक्कर में समय बर्बाद करने के बजाय उसे सीधे बड़े अस्पताल में एंटी-स्नेक वेनम (Anti-Snake Venom) का इंजेक्शन दिलवाया जाता, तो शायद आज ऋषि की जान बचाई जा सकती थी. यह दुखद घटना पूरे समाज के लिए एक सबक है कि सांप के काटने पर ओझा-गुणी नहीं, बल्कि केवल अस्पताल की दवा ही जान बचा सकती है.

Also Read: झारखंड के 1,042 सहायक शिक्षकों को मिला नियुक्ति पत्र, सीएम हेमंत सोरेन ने दिया जॉइनिंग लेटर 

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >