हजारीबाग में लाइन होटल पर पुलिस की छापेमारी, देसी कट्टा और कारतूस के साथ बिहार के तीन संदिग्ध गिरफ्तार

हजारीबाग के चौपारण में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक लाइन होटल में छापेमारी की. इस दौरान बिहार के तीन संदिग्ध युवक एक देसी रिवॉल्वर, जिंदा कारतूस, कार और मोटरसाइकिल के साथ पकड़े गए. पुलिस मामले की तह तक जाने में जुटी है.


बरही से जावेद इस्लाम की रिपोर्ट

Hazaribagh News: झारखंड के हजारीबाग जिले की बरही अनुमंडल पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चौपारण थाना क्षेत्र के सियारकोनी स्थित मां गंगोत्री लाइन होटल में छापेमारी कर बिहार के तीन संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है. तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी रिवॉल्वर, छह जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन, एक कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी झारखंड में किस आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बनाकर पहुंचे थे.

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 30 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे पुलिस अधीक्षक अमन कुमार से मिली गुप्त सूचना के आधार पर चौपारण के सियारकोनी स्थित मां गंगोत्री लाइन होटल में छापेमारी की गई. पुलिस टीम ने होटल में मौजूद तीन संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें हथियार और अन्य सामान बरामद हुआ.

बिहार के रहने वाले हैं तीनों आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के लोदीपुर निवासी अक्षय कुमार (पिता जितेंद्र यादव), बेला सोनपुर निवासी प्रिंस कुमार (पिता बसंत प्रसाद) तथा मखदुमपुर थाना क्षेत्र निवासी करण राज (पिता सुरेंद्र प्रसाद) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और इनके झारखंड आने के उद्देश्य की गहन जांच की जा रही है.

हथियार, कारतूस, कार और बाइक जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी रिवॉल्वर, 7.65 एमएम के तीन जिंदा कारतूस, अन्य जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, एक सफेद रंग की डिजायर कार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR01DG6000) तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH02BJ4723) जब्त की है. बरामद हथियार और अन्य सामान को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है.

दो आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में प्रिंस कुमार और अक्षय कुमार के खिलाफ बिहार के गया रेल थाना और बेलागंज थाना में आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में पहले से केस दर्ज हैं. इनके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इनका संबंध किसी संगठित अपराध गिरोह से तो नहीं है.

इसे भी पढ़ें: चक्रधरपुर में 44.64 लाख की चोरी का खुलासा, पुलिस ने चार अंतरराज्यीय चोरों को दबोचा

आपराधिक साजिश की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी झारखंड में किस वारदात को अंजाम देने आए थे. सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है. इस कार्रवाई में बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कृष कुमार गुप्ता, कुणाल किशोर, दिव्य प्रकाश और बादल कुमार महतो सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

इसे भी पढ़ें: साहिबगंज अवैध खनन मामले में NGT सख्त, दो महीने बाद निरीक्षण करने पर झारखंड प्रदूषण बोर्ड से पूछा सवाल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumarvishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >