टाटीझरिया, हजारीबाग: टाटीझरिया प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को हरितालिका तीज का त्योहार श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. अखंड सौभाग्य और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर सुहागिन महिलाओं ने 24 घंटे का कठोर निर्जला व्रत रखा. टाटीझरिया, धरमपुर, झरपो, भराजो, डहरभंगा, खैरा, डुमर, बेडम समेत विभिन्न पंचायतों में सुबह से ही भक्तिमय माहौल रहा.
सोलह शृंगार कर महिलाओं ने विधि-विधान से भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की. पूजन के दौरान बेलपत्र, धूप, दीप और पुष्प अर्पित किये गये. माता पार्वती को सिंदूर, महावर और चुनरी चढ़ायी गयी. घरों, मंडपों और मंदिरों में समूह में महिलाओं ने तीज व्रत की कथा सुनी. कथा के बाद आरती और शंखनाद से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा.
व्रतियों ने बुजुर्ग महिलाओं के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया और एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर शुभकामनाएं दीं.
