हजारीबाग. रेलवे सुरक्षा बल ने हजारीबाग टाउन क्षेत्र के आईबीएस (इंटरमीडिएट ब्लॉक सिग्नल) से रेलवे की कॉपर केबल चोरी करने वाले चार आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले दो कबाड़ियों को गिरफ्तार किया है. मामले में एक अन्य कबाड़ी फरार है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 37 किलोग्राम कॉपर केबल व कॉपर पट्टियां, केबल काटने के उपकरण तथा अन्य सामान बरामद किया गया है. जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 55,500 बतायी गयी है.
आरपीएफ के अनुसार 27 जुलाई की रात सूचना मिलने पर टीम ने आईबीएस के पास छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपियों ने रेलवे के विभिन्न आईबीएस से पहले भी कॉपर केबल चोरी करने और गया के वजीरगंज स्थित कबाड़ियों को बेचने की बात स्वीकार की. इसके बाद गया में छापेमारी कर दो कबाड़ियों को गिरफ्तार किया गया और चोरी की कॉपर सामग्री बरामद की गयी. इस कार्रवाई से हजारीबाग टाउन आरपीएफ पोस्ट में पहले दर्ज छह पुराने केबल चोरी के मामलों (कांड संख्या 02/2026 से 07/2026) का भी उद्भेदन होने का दावा किया गया है.
