हजारीबाग के बड़कागांव से संजय सागर की रिपोर्ट
बड़कागांव,हजारीबाग: हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड के कांड़तरी गांव में गुरुवार की दोपहर खेत में काम कर रहे किसान पर लकड़बग्घे ने हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. हालांकि किसान ने हिम्मत दिखाते हुए लकड़बग्घे से मुकाबला किया. दोनों के बीच करीब तीन-चार मिनट तक उठापटक होती रही. इस दौरान लकड़बग्घे ने किसान के दाहिने हाथ में काट लिया.
घटना गुरुवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की बतायी जा रही है. घायल किसान केवल नाथ रजक कांड़तरी नदी के किनारे स्थित धान के खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान एक लकड़बग्घा वहां पहुंच गया और किसानों पर हमला करने की कोशिश करने लगा. लकड़बग्घे को देखते ही खेत में काम कर रहे कई किसान वहां से भागने लगे.
लकड़बग्घे से भिड़ गया किसान
इसी दौरान लकड़बग्घे ने केवल नाथ रजक पर हमला कर दिया. इसके बाद दोनों के बीच संघर्ष शुरू हो गया. करीब तीन-चार मिनट तक किसान और लकड़बग्घे के बीच उठापटक होती रही. आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने जब यह देखा तो वे भी मौके की ओर दौड़े.
बताया गया कि इसी दौरान केवल नाथ रजक ने लकड़बग्घे को उठाकर जमीन पर पटक दिया. इसके बाद उन्होंने खेत में रखी लाठी उठाकर उसे मारने की कोशिश की. मौका मिलते ही लकड़बग्घा वहां से भाग निकला. हालांकि हमले में केवल नाथ रजक के दाहिने हाथ में काटने का जख्म हो गया.
ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया
घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल किसान को बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. यहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अविनाश कुमार ने उनका इलाज किया. समाचार लिखे जाने तक किसान का इलाज जारी था.
तीन महीने से कई गांवों में दहशत
ग्रामीणों के अनुसार, यह लकड़बग्घा पिछले करीब तीन महीने से कांड़तरी, खैरातरी, सिरमा, छावनिया और पंडरिया इलाके में लोगों को परेशान कर रहा है. लगातार इसकी मौजूदगी से ग्रामीणों में डर का माहौल है. गुरुवार को किसान पर हुए हमले के बाद इलाके के लोगों की चिंता और बढ़ गयी है.
