व्यवसायिक प्रतिष्ठान सीसीटीवी से करें लैस

पुलिस व व्यवसायिक संगठनों की बैठक, सीसीआर ने कहा

हजारीबाग. सदर थाना परिसर में मंगलवार को सीसीआर डीएसपी मनोज कुमार और थाना प्रभारी सुभाष कुमार के नेतृत्व में व्यवसायिक संगठनों के साथ बैठक हुई. बैठक में फेडरेशन ऑफ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, स्वर्णकार व्यवसाय संघ तथा सब्जी मंडी संघ के प्रतिनिधि शामिल थे. बैठक में व्यापारियों ने कई समस्याएं पदाधिकारियों के समक्ष रखी. पदाधिकारियों ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना. शहर में लगातार हो रही चोरी की घटना पर नियंत्रण के लिए व्यापारियों से सहयोग देने की अपील की. सीसीआर डीएसपी मनोज कुमार ने कहा कि प्रत्येक व्यापारी अपने प्रतिष्ठान के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगाये. इससे न केवल उनके प्रतिष्ठान की सुरक्षा होगी, बल्कि सड़कों की निगरानी भी सुदृढ़ होगी. किसी भी आपराधिक घटना के बाद अपराधियों की पहचान करने में पुलिस को काफी मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि यह पहल हम अपनी नहीं, बल्कि आपकी सुरक्षा के लिए कर रहे हैं. व्यापारियों ने सुझाव दिया कि इसके लिए प्रत्येक व्यापारी को व्यक्तिगत रूप से प्रोत्साहित किया जाये. सीसीआर डीएसपी ने कहा कि सदर थाना प्रभारी और उनकी पूरी टीम इस दिशा में हर संभव सहयोग करेगी. उन्होंने कहा कि शहर को सुरक्षित, भयमुक्त और चोरी मुक्त बनाना हमारा उद्देश्य है. इसके लिए पुलिस और समाज दोनों को मिलकर कार्य करना होगा. बैठक में संयुक्त सचिव नीरज अग्रवाल, सह सचिव तारीक अहमद रजा, तनवीर सिंह, कोषाध्यक्ष विनीत अग्रवाल, धनंजय गुप्ता, राज वर्मा, सब्जी मंडी व्यवसाय के विनोद सिंह, रुद्र राज, बबलू सिंह, सोनू जैन, विजय जैन उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUNIL PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >