हजारीबाग. खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो मंजर हुसैन के नेतृत्व में गठित टीम ने माला इंडस्ट्रीज, आरोग्यम हॉस्पिटल कैंटीन, लॉकअप रेस्टोरेंट, न्यू फ्रंटियर बेकरी, पेपर एंड साल्ट, पिज्जा हट एवं केएफसी रेस्टोरेंट की जांच की. इस दौरान किचन, खाद्य सामग्री के भंडारण, साफ-सफाई तथा खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गयी. जांच में कुछ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों से संबंधित कमियां पायी गयीं. विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को 14 दिनों के भीतर कमियों को दूर करने का निर्देश दिया. साथ ही सुधारात्मक कार्रवाई कर उसका अनुपालन प्रतिवेदन ऑनलाइन पोर्टल फॉसकोस पर जमा करने को कहा गया. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने कहा कि निर्धारित अवधि में निर्देशों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने बताया कि सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए विभाग का निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा.
रेस्टोरेंट और बेकरी में मिलीं खामियां, 14 दिनों में सुधार का निर्देश
खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के कई प्रतिष्ठानों का किया औचक निरीक्षण
