चौपारण, हजारीबाग: चौपारण प्रखंड मुख्यालय सहित विभिन्न क्षेत्रों में गणेश चतुर्थी पर चार दिवसीय गणपति महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ हुआ. गणपति पूजा को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में उत्साह दिखा. विधि-विधान से भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गयी. वैदिक मंत्रोच्चार और गणपति बप्पा के जयकारों से पूजा पंडाल व आसपास का वातावरण भक्तिमय हो गया.
चौथी मोड़ स्थित कत्यानी मंदिर परिसर, बसरिया, पाण्डेयबारा, पपरो, कठम्बा, जागोडीह सहित दर्जनों स्थानों पर गणपति की प्रतिमा स्थापित की गयी. महोत्सव के पहले दिन श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. शाम को हुई आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. आरती के दौरान गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा.
आयोजकों ने बताया कि चार दिनों तक चलने वाले महोत्सव के दौरान प्रतिदिन पूजा-अर्चना, आरती और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. अंतिम दिन विधिवत पूजा के बाद भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जायेगा. युवाओं और पूजा समिति के सदस्यों में विशेष उत्साह है.
पूजा में वीरेंद्र सिंह, रितेश सिंह, सुधीर केसरी, सर्वेश सिंह, उमेश विश्वकर्मा, वीरेंद्र प्रजापति, सूरज सिंह, सोनू कुमार सहित कई लोग शामिल थे.
