चौपारण से अजय ठाकुर की रिपोर्ट
चौपारण: आंखों से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए राहत की खबर है. चौपारण के ताजपुर स्थित दृष्टि आई हॉस्पिटल में अब 32 प्रमुख बीमा कंपनियों की कैशलेस उपचार सुविधा उपलब्ध होगी. इससे पात्र बीमित मरीजों को मोतियाबिंद सर्जरी सहित अस्पताल में उपलब्ध अन्य पात्र नेत्र उपचार के लिए बीमा का लाभ मिल सकेगा.
अस्पताल के निदेशक मो इमरान खान ने बताया कि कैशलेस सुविधा शुरू होने से मरीजों पर इलाज के दौरान पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा. बीमा के दायरे में आने वाले मरीजों को उपचार के लिए अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी.
ग्रामीण मरीजों को मिलेगा विशेष लाभ
निदेशक ने बताया कि दृष्टि आई हॉस्पिटल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को उनके नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण और किफायती नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराना है. कैशलेस सुविधा का लाभ विशेष रूप से हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, गिरिडीह, रामगढ़, गया और नवादा समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बीमित मरीजों को मिलेगा.
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, कैशलेस सुविधा के तहत गैलेक्सी हेल्थ इंश्योरेंस सहित कुल 32 बीमा कंपनियां शामिल हैं. इससे संबंधित बीमा पॉलिसी के पात्र मरीज अस्पताल में उपलब्ध उपचार का लाभ कैशलेस प्रक्रिया के तहत ले सकेंगे.
आधुनिक सुविधाओं से लैस है अस्पताल
दृष्टि आई हॉस्पिटल में अनुभवी नेत्र रोग विशेषज्ञों के साथ आधुनिक जांच सुविधाएं और सर्जिकल सेवाओं की व्यवस्था उपलब्ध होने का दावा अस्पताल प्रबंधन ने किया है. अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि कैशलेस सुविधा के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को बेहतर नेत्र उपचार के लिए दूर जाने की जरूरत कम होगी.
