टूटी सड़कें, रुका पानी और थमा ट्रैफिक, जनता परेशान

शहर वासियों की रोजमर्रा की जिंदगी बेहाल

हजारीबाग. हजारीबाग की तस्वीर इन दिनों परेशान करने वाली है. एक ओर शहर के लेपो रोड के गड्ढे, कूड़े और उड़ती धूल लोगों की सांसें छीन रही है, तो दूसरी ओर पानी की सप्लाई ठप होने से शहरवासी बूंद-बूंद को तरस रहे हैं. ऊपर से ट्रैफिक जाम की समस्या ने लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को ठहराकर रख दिया है. आम लोग, दुकानदार, यात्री, सभी किसी न किसी तरह से इस बदइंतजामी की मार झेल रहे हैं.

लेपो रोड की हालत खराब

लेपो रोड की हालत सबसे खराब है. बरसात के बाद इंद्रपुरी चौक से रेलवे स्टेशन तक की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे चलना मुश्किल हो गया है. लोगों ने गड्ढों को भरने के लिए निजी तौर पर पेबर ब्लॉक को कई जगह बिछा दिया है. दुकानदारों और वाहन चालकों का कहना है कि धूल और गंदगी से स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है. भाजपा नेत्री शेफाली गुप्ता ने स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि जल्द ही राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों और नगर निगम से मिलकर सड़क की मरम्मत और नियमित सफाई व्यवस्था की मांग करेंगी.

दो दिन से शहर में पानी ठप

शहर में पिछले दो दिनों से पानी सप्लाई ठप है. इंद्रपुरी चौक स्थित टावर एक में पानी टंकी में नहीं चढ़ पा रहा है. जिसके कारण शहर के कई हिस्सों में गुरुवार को भी पानी सप्लाई नहीं हो पायी. जानकारी के अनुसार इंद्रपुरी चौक पर 200 एमएम डाया का बॉल्व खराब हो गया था. सीपीएम जिला सचिव गणेश कुमार सीटू ने कहा है कि व्यवस्था में तत्काल सुधार नहीं होने पर पार्टी आंदोलन को बाध्य होगी. वहीं निगम के सिटी मैनेजर अरुण बाउरी ने कहा कि गड़बड़ी ठीक कर ली गयी है. 10 अक्तूबर से पानी नियमित मिलेगा.

ट्रैफिक जाम से परेशानी

शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या चरम पर है. गुरुवार को लोग ट्रैफिक जाम की समस्या से परेशान नजर आये. बुढ़वा महादेव चौक पर घंटाें ट्रैफिक जाम रहा. सुबह-शाम मुख्य सड़कों पर घंटों फंसे रहने से लोगों का धैर्य जवाब दे रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUNIL PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >