चुरचू से आनंद सोरेन की रिपोर्ट
हजारीबाग: हजारीबाग के चुरचू प्रखंड के चनारो पंचायत अंतर्गत चीचीकला गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में भुइयां जाति समाज की प्रखंड स्तरीय बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता समाज के अध्यक्ष बिनोद राम ने की, जबकि संचालन राजू राम ने किया. बैठक में भुइयां समाज की जमीन के कथित अवैध हस्तांतरण और अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा की गयी.
बैठक में समाज के लोगों ने वर्तमान अंचलाधिकारी, कर्मचारी और अंचल निरीक्षक पर योजनाओं में भेदभाव करने तथा जमीन का गलत तरीके से हस्तांतरण करने का आरोप लगाया. समाज के लोगों ने कहा कि इन मामलों को लेकर भुइयां समाज के लोगों में काफी रोष है.
25 अगस्त को रैली और धरना
बैठक में निर्णय लिया गया कि कथित जमीन हस्तांतरण और अंचल प्रशासन की कार्यप्रणाली के विरोध में 25 अगस्त को चुरचू अंचल कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया जायेगा. इससे पहले चुरचू मोड़ से रैली निकाली जायेगी. इसके बाद समाज के लोग अंचल कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेंगे. धरना दोपहर दो बजे तक चलाने की बात कही गयी.
आयोजकों के अनुसार, विरोध प्रदर्शन में प्रखंड की सभी आठ पंचायतों से भुइयां समाज के लोग शामिल होंगे. बैठक में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में धरना कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की.
बैठक में बिनोद राम, अनिल राम, बिनोद भुइयां, राजू राम, राजेश राम, छोटन भुइयां, दिनेश कुमार, प्रदीप भुइयां, अनिल कुमार, गणेश भुइयां, बसंत भुइयां, भुनेश्वर भुइयां, अनीता देवी समेत कई महिला-पुरुष मौजूद थे.
