18.20 एकड़ में बन रही है हाई सिक्योरिटी जेल

जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा में राज्य के पहले हाई सिक्योरिटी जेल का निर्माण चल रहा है.

हजारीबाग. जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा में राज्य के पहले हाई सिक्योरिटी जेल का निर्माण चल रहा है. इसे लेकर शुक्रवार को झारखंड की गृह सचिव वंदना दादेल निरीक्षण करने केंद्रीय कारा पहुंची. मौके पर उनके साथ कारा महानिरीक्षक सुदर्शन मंडल, उपायुक्त नैंसी सहाय, पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार सिंह, अपर समाहर्ता संतोष सिंह, जेल अधीक्षक जितेंद्र सिंह, प्रोबेशन पदाधिकारी चंद्रशेखर सहित कई अधिकारी थे.

87 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

गृह सचिव ने हाई सिक्योरिटी जेल के निर्माण कार्यों का जायजा लिया. साथ ही निर्माण कार्यों में लगे अधिकारियों से वार्ता की. गृह सचिव ने कहा कि हाई सिक्योरिटी जेल 18.20 एकड़ में फैल होगा. यहां 280 कैदियों को रखने की व्यवस्था रहेगी. इसके निर्माण पर 87.65 करोड़ रुपये खर्च होंगे. यह जेल हार्डकोर उग्रवादियों और अपराधियों को रखने के लिए बनायी जा रही है. उन पर कड़ी निगरानी रखने के लिए अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाये जायेंगे. कैदियों के सेल में बिजली का प्वाइंट नहीं होगा.

क्या-क्या सुविधा होंगी

हाई सिक्योरिटी जेल में सेल, चहारदीवारी, कार्यालय, अस्पताल, अधीक्षक आवास, कारापाल आवास, सहायक कारपाल आवास, चिकित्सक आवास, वार्ड, पाकशाला, बाह्य चहारदीवारी, पारा चिकित्सा कर्मी आवास, कंप्यूटर ऑपरेटर, लिपिक आवास, वॉच टावर, 50 शैय्या वाला बैरक, ड्रेन, आंतरिक एवं बाहरी पथ, उच्च कक्षपाल एवं मुख्य उच्च कक्षपाल आवास, बाह्य विद्युतीकरण कार्य, केंद्र स्थल, वर्षा जल संचयन, अग्निशामक से लैस होगा.

झारखंड खुला जेल सह पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण

निर्माणाधीन हाई सिक्योरिटी जेल का निरीक्षण करने के बाद गृह सचिव ने हजारीबाग स्थित झारखंड खुला जेल सह पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया. उन्होंने कैदियों को दी जाने वाली सभी सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने सजायाफ्ता कैदियों से बात की. उनकी समस्याओं को सुना. लंबे समय से सजा काट रहे कैदियों ने गृह सचिव से जेल के अंदर कौशल विकास अंतर्गत रोजगार परक प्रशिक्षण दिलाने का आग्रह किया, ताकि जेल से सजा खत्म होने के बाद मुख्यधारा से जुड़ सके. गृह सचिव ने इन तमाम मुद्दों पर जल्द सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Praveen

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >