बरकट्ठा हजारीबाग: प्रखंड मुख्यालय के समीप शनिवार शाम एक जर्जर इंदिरा आवास मकान अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे में घर में रह रही महिला और उसके बच्चे बाल-बाल बच गए.
घटना के वक्त घर में बच्चों के साथ मौजूद थी महिला
जानकारी के अनुसार, गीता मसोमात पति स्वर्गीय संजय रविदास अपने बच्चों के साथ वर्ष 1990-91 में बने इंदिरा आवास में रह रही थीं. शनिवार शाम करीब 5:30 बजे अचानक मकान का ढांचा कमजोर होकर गिर गया. घटना के समय गीता देवी और उनके बच्चे घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन समय रहते सभी बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
प्रशासन से तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुखिया बसंत साव, अशोक गुप्ता, बीएफटी दिलीप दास और राहुल गुप्ता मौके पर पहुंचे. बसंत साव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और प्रशासन से तत्काल सहायता उपलब्ध कराने तथा क्षतिग्रस्त आवास का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया.
उन्होंने प्रशासन से प्रखंड क्षेत्र में ऐसे सभी जर्जर सरकारी आवासों का सर्वे कराने की मांग की, ताकि समय रहते उनकी मरम्मत या पुनर्निर्माण कराया जा सके और भविष्य में होने वाले हादसों से बचा जा सके.
