कटकमसांडी : कटकमसांडी पंचायत के लोग पैसे देकर टैंकर से पानी मंगा रहे हैं. बढ़ती गरमी के साथ ही पूरे पंचायत में पानी की किल्लत हो गयी है. कटकमसांडी चौक का जलमीनार आठ माह से खराब पड़ा है. पंचायतवासी पानी के लिए तरस रहे हैं. पानी की व्यवस्था नहीं होने पर लोग पैसे इकट्ठा कर प्रतिदिन टैंकर से कटकमसांडी चौक पानी मंगवाते हैं और आपस में बांटते हैं. पंचायतवासियों ने प्रशासन से पानी की समस्या को दूर करने के लिए कई बार शिकायत की, लेकिन पहल नहीं की गयी. पंचायत के लोगों ने सांसद व विधायक से खराब पड़े जलमीनार को जल्द दुरूस्त कर पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है.
पानी नहीं मिला, तो आंदोलन: कटकमसांडी पंचायत के लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिला प्रशासन की ओर से पानी की व्यवस्था नहीं करायी गयी, तो कटकमसांडी-चतरा मार्ग को जाम किया जायेगा. इसकी जवाबदेही जिला प्रशासन पर होगी.
