हजारीबाग : रामनवमी जुलूस के दौरान हर गतिविधि पर कंट्रोल रूम से नजर रखी जायेगी. हजारीबाग के सभी चौक-चौराहों पर 82 सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं. सीसीटीवी की फुटेज कंट्रोल रूम में देखी जा रही है. कौन जुलूस किस स्थान पर पहुंचा, इसकी जानकारी ली जा रही है. नियंत्रण कक्ष से निगरानी के लिए 72 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. सभी दंडाधिकारी तीन पालियों में कार्य करेंगे.
नियंत्रण कक्ष के पास चार पीसीआर की वाहनों को भी तैयार रखी जा रही है, जिसका इस्तेमाल आपातकालीन स्थिति में होगा. कंट्रोल रूम में अग्निशमन की दो दमकल गाड़ियों को भी सुरक्षित रखा गया है. वहीं चार एंबुलेस को रिजर्व रखा गया है. किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी के लिए 100 नंबर पर डायल कर कंट्रोल रूम को सूचना दी जा सकती है. इसके अलावा कंट्रोल रूम ने 06546-265233 नंबर जारी किया गया है, जिस पर शिकायत की जा सकती है.
सदर अस्पताल तैयार: रामनवमी जुलूस के मद्देनजर सदर अस्पताल में आपातकालीन इलाज के लिए तैयारी पूरी कर ली गयी है.
सदर अस्पताल के डीएस डॉ आरएस दांगी ने कहा कि जुलूस में घायल हुए लोगों की इलाज के लिए 30 डाक्टरों को प्रतिनियुक्त किया गया है. वहीं 46 स्वास्थकर्मी तैनात रखे गये हैं. सदर अस्पताल में 15 एंबुलेंस को सुरक्षित रखा गया है. गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए रांची भेजने के लिए एंबुलेंस का उपयोग होगा. इसके अलावा ड्रेसिंग की सारी तैयारी, ओआरएस के पाकेट समेत आवश्यक दवाइयां यहां उपलब्ध है. डीएस ने बताया की अॉपरेशन थियेटर में एक सर्जन हमेशा सेवा में रहेंगे.
