धार्मिक जुलूस के दौरान हजारीबाग के बरकट्ठा, चतरा के रक्सी गांव, कोडरमा के कोलगरमा, बोकारो के नावाडीह और धनबाद के गोविंदपुर में दो गुट आपस में भिड़ गये. बरकट्ठा चौक पर एक गुट के लोगों ने आठ दुकानें फूंक दी. कई पुलिसकर्मी समेत दर्जन भर लोग घायल हो गये. चतरा के रक्सी गांव में भी पुलिस और बीडीओ के वाहन समेत कई बाइक को उपद्रवियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया. एक वाहन को आग के हवाले कर दिया. कोडरमा के कोलगरमा में भी दो गुट भिड़ गये. यहां महिला सहित चार लोग घायल हुए हैं. नावाडीह में झड़प के बाद पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया है.
बरकट्ठा/चतरा : हजारीबाग जिले के बरकट्ठा थाना क्षेत्र के घंघरी में धार्मिक जुलूस के दौरान दो गुटों में विवाद हो गया. घटना की सूचना मिलते ही बरकट्ठा चौक पर भी एक गुट के लोगों ने आठ दुकानें फूंक दी. करीब दो घंटे तक तोड़फोड़ व मारपीट करते रहे. घटना के बाद दोनों गुट के लाेगों ने घंघरी और बरकट्ठा प्रखंड मुख्यालय के पास अलग-अलग जगहों पर सड़क जाम कर दी. बरही एसडीओ राजेश्वर नाथ आलोक व डीएसपी बरकट्ठा में कैंप कर रहे हैं. अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है.
बताया जाता है कि बरकट्ठा व आसपास के दर्जनों गांव के लोग जुलूस निकाल कर गांवों का भ्रमण कर रहे थे. जुलूस बरकट्ठा से गोरहर होते हुए घंघरी जीटी रोड के पास पहुंचा, तो वहां एक धार्मिक स्थल के पास दूसरे गुट के लोगों से विवाद हो गया. इसके बाद दोनों ओर से पथराव होने लगे. घटना में कई पुलिसकर्मी समेत दर्जन भर लोग घायल हो गये.
बाद में पुलिस ने दोनों गुट के लोगों को समझा-बुझा कर मामला शांत कराया. इसके बाद धार्मिक जुलूस को आगे बढ़ाया. दोनों गुटों में विवाद की सूचना बरकट्ठा में पहुंची, तो वहां भी लोग उग्र हो गये. दूसरे गुट के धार्मिक स्थल में स्थित चार और बाहर स्थित चार दुकानों में पहले तोड़-फोड़ की. फिर लूटपाट कर आग लगा दी. जिन दुकानों को जलाया गया, उसमें राज शू हाउस, एक डॉक्टर का क्लिनिक, एक सैलून, एक कपड़ा दुकान शामिल हैं. रात के करीब 8.30 बजे हजारीबाग से एसपी अनूप बिरथरे पहुंचे. इसके बाद हालात पर काबू पाया गया.
चतरा में जुलूस रोकने पर हंगामा
उधर, चतरा के सदर थाना क्षेत्र के रक्सी गांव में भी दो गुटों में तनाव हो गया. विवाद उस समय शुरू हुआ, जब एक गुट के लोगों के जुलूस को दूसरे गुट के लोगों ने अपने विशेष स्थान के पास रोक दिया. देखते ही देखते दोनों गुट के लोग आपस में उलझ गये. उपद्रवियों ने जुलूस में शामिल वाहन में आग लगा दी.
पुलिस और बीडीओ के वाहन समेत कई मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना की सूचना पाकर सांसद सुनील सिंह और डीसी संदीप सिंह व एसपी अंजनी कुमार झा समेत कई पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. दोनों समुदाय के एक दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया. प्रशासन की देखरेख में जुलूस निकाला गया. पुलिस के अनुसार, मंगलवार को पुलिस प्रशासन, समाजसेवी व आम लोगों की बैठक में उसी रास्ते से जुलूस ले जाने पर सहमति बनी थी. इसके बावजूद बुधवार को कुछ लोगों ने विवाद उत्पन्न कर दिया. पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है.
हजारीबाग
धार्मिक जुलूस के दौरान पहले घंघरी में हुआ विवाद
सूचना मिलने के बाद बरकट्ठा में उग्र हुए लोग
घंघरी में जीटी रोड व बरकट्ठा में भी सड़क जाम
कई पुलिसकर्मी सहित दर्जन भर लोग घायल
चतरा
रक्सी गांव में उपद्रवियों ने कई वाहनों को किया क्षतिग्रस्त
एक वाहन में आग लगायी
एक दर्जन से अधिक लोग गिरफ्तार
सांसद, डीएम और एसपी पहुंचे घटनास्थल पर
कोडरमा
कोलगरमा में चार घायल, एक रेफर
कोडरमा बाजार : थाना क्षेत्र के कोलगरमा में बुधवार देर शाम धार्मिक जुलूस के दौरान दो पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया. इसके बाद हुई मारपीट की घटना में चार लोग घायल हो गये. घायलों में तीन पुरुष व एक महिला शामिल हैं. इनमें एक की स्थिति गंभीर है, उसे रिम्स रेफर किया गया है. घटना की सूचना के बाद एसडीओ प्रभात कुमार बरदियार सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. दोनों गुट के लोगों को शांत कराया. एसडीओ ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. घटना के बाद पुलिस इलाके में कैंप कर रही है.
धनबाद
जुलूस पर पथराव के बाद िबगड़ा माहौल
गोविंदपुर : धनबाद के गोविंदपुर स्थित गायडेहरा में दो गुटों में पथराव हुआ. इससे वहां भगदड़ मच गयी. पुलिस वाहन को लोगों ने पलट दिया. पुलिसकर्मियों पर भी पथराव किया गया. बताया जाता है कि पांच हजार लोग जुलूस लेकर जा रहे थे. दूसरे गुट के धार्मिक स्थल के पास जुलूस के पहुंचते ही उस पर पथराव शुरू हो गया. जुलूस में शामिल लोगों ने भी पथराव किया. पुलिस ने शांति कायम करने का प्रयास किया. मामला शांत नहीं होने पर लाठी चार्ज शुरू कर दिया. इससे ऊपर बाजार से लाल बाजार तक भगदड़ मच गयी.
लाल बाजार गोविंदपुर की सभी दुकानें बंद हो गयीं. कई निर्दोष लोगों को भी चोटें लगी. पथराव में कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गये.एसडीएम ने गोविंदपुर बाजार में माइक से शांति बनाये रखने की अपील की. जवानों ने सिटी एसपी व एसडीएम के साथ ऊपर बाजार मसजिद से थाना तक फ्लैग मार्च किया.
पथराव शुरू करने वालों की गिरफ्तारी के लिए सड़क जाम
इसके बाद भीड़ ने पथराव शुरू करनेवालों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए ऊपर बाजार चौक को जाम कर दिया. पुलिस के समझाने पर भी लोगों ने जब जाम नहीं हटाया, तो पुलिस ने फिर लाठी चार्ज किया. इसके बाद जुलूस में शामिल लोग इधर-उधर भागने लगे. करीब दो घंटे तक भगदड़ की हालत बनी रही.
बोकारो
नावाडीह में जुलूस रोकने पर िववाद
नावाडीह : बोकारो के नावाडीह थाना क्षेत्र स्थित सुरही गांव में बुधवार को धार्मिक स्थल जा रहे लोगों को दूसरे गुट की महिलाओं ने रोक दिया. पुलिस ने लोगों को समझा-बुझा कर दो-तीन लोगों के समूह को बारी-बारी से धार्मिक स्थान पर भेजना शुरू किया. इस बीच दूसरे गुट के लोगों ने सुरही के मेलाटांड में पथराव शुरू कर दिया. इससे चार लोग घायल हो गये. बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर भी जम कर पत्थरबाजी की गयी. बाद में पुलिस ने लाठीचार्ज किया. घटना में उपद्रव कर रहे पांच महिलाओं सहित एक दर्जन लोग घायल हो गये.
पथराव से सीसीआर डीएसपी रजत माणिक बाखला, नावाडीह थाना प्रभारी अरविंद कुमार, जवान संजय कुमार समेत लगभग एक दर्जन पुलिसकर्मियों को भी चोटें आयी हैं. बेरमो एसडीएम ने सुरही में अगले आदेश तक धारा 144 लगा दी है. पुलिस ने दूसरे गुट के कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है.
यशवंत सिन्हा और मनीष समेत 53 रिहा
हजारीबाग : हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड के अंतर्गत महुदी गांव में विवादित मार्ग से रामनवमी जुलूस ले जाने के मामले में गिरफ्तार पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा, सदर विधायक मनीष जायसवाल समेत 53 लोगों को बुधवार को रिहा कर दिया गया. उक्त सभी को बड़कागांव पुलिस ने मंगलवार को महुदी गांव से गिरफ्तार कर कैंप जेल भूमि संरक्षण केंद्र (डेमोटांड़) में रखा था. यशवंत सिन्हा की अनुमति पर चार सदस्यीय भाजपा प्रतिनिधिमंडल और डीडीसी के बीच लिखित समझौता हुआ.
इसके बाद कैंप जेल में बंद सभी लोग रिहा किये गये. एसपी अनूप बिरथरे ने कहा कि गिरफ्तार सभी 53 लोगों को बिना शर्त रिहा कर दिया
गया है.
पांच बिंदुओं पर समझौता
धारा 151-ए के अंतर्गत किये गये निषेधात्मक, निरोधात्मक कार्रवाई के पश्चात धारा 151-2 के अनुसार सभी लोगों को रिहा किया गया. महुदी गांव में लगी बैरिकेडिंग को शीघ्र हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित होगी.
किसी भी निर्दोष के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी. महुदी में जुलूस निकालने के मामले में समाधान के लिए जिला प्रशासन सार्थक प्रयास करता रहेगा. छह सप्ताह के अंदर निष्कर्ष निकाला जायेगा. प्रशासन नियमानुसार महुदी में यज्ञ होने पर कलशयात्रा को उपर्युक्त पथ से ले जाने में विधि व्यवस्था बनाये रखेगा. इस समझौते में भाजपा की ओर से विधायक मनीष जायसवाल, पूर्व विधायक लोकनाथ महतो, रामगढ़ जिला अध्यक्ष पप्पू बनर्जी, हजारीबाग जिला अध्यक्ष टुनू गोप और प्रशासन की ओर से डीडीसी राजेश पाठक के बीच पांच मुद्दों पर समझौता हुआ.
महुदी में शांति व्यवस्था कायम
हजारीबाग जिले में रामनवमी का जुलूसभक्तिभाव से निकाला गया. बड़कागांव प्रखंड व महुदी गांव में पूरी तरह से शांति व्यवस्था रही. महुदी गांव के हरिजन मुहल्ला अखाड़ा में पूजा हुई. आम दिनों की तरह गांव में शांति बनी रही.
विवाद क्या था
हजारीबाग जिले के बड़कागांव महुदी में दो अखाड़ों का रामनवमी जुलूस को विवादित मार्ग से होकर सोनपुरा गांव जाना था. जुलूस का नेतृत्व पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा कर रहे थे. प्रशासन ने इस मार्ग से जुलूस नहीं निकालने का सरकारी आदेश बता कर धारा 144 के उल्लंघन में 53 लोगों को गिरफ्तार किया था.
