122 ठिकानों पर छापेमारी, 69 पकड़ाये, पीआर बांड पर छूटे
हजारीबाग.
चोरी, छिनतई और नशाखोरी पर विराम लगाने को लेकर एसपी अमन कुमार के निर्देश पर शहर और आसपास के थाना क्षेत्रों में पुलिस ने विशेष अभियान चलाया. अभियान के तहत नशेड़ियों, जुआरियों और मनचले युवकों के अड्डों पर छापामारी की गयी. इस दौरान कई युवकों को पुलिस पकड़कर थाना लायी. उन्हें अड्डेबाजी नहीं करने की हिदायत देकर पीआर बांड पर छोड़ दिया गया. पुलिस ने कई मैदानों, खाली सरकारी भवनों, पार्कों, सड़कों और खाली पड़े अपार्टमेंट में चल रही अड्डेबाजी पर कार्रवाई की. अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल युवकों पर नजर रखी.
कहां-कहां हुई छापामारी :
मुफ्फसिल पुलिस ने अमृतनगर, सिंघानी, मंझली कर्बे और फोरलेन बाइपास क्षेत्र में अभियान चलाया. यहां कई युवकों को पकड़कर पूछताछ के बाद हिदायत देकर छोड़ दिया गया. कोर्रा पुलिस ने मटवारी, देवांगना, कोर्रा, दीपुगढ़ा, संत कोलंबा चौक, जबरा रोड स्थित ब्रांबे हाउस और कनहरी पहाड़ के आसपास छापामारी की. इस दौरान चार युवकों को अड्डेबाजी करते पकड़ा गया. बाद में उन्हें पीआर बांड पर छोड़ दिया गया. सदर पुलिस ने गाड़ीखाना, आंबेडकर मुहल्ला और बड़ा बाजार क्षेत्र में अभियान चलाया. वहीं टीओपी पुलिस ने हुरहुरू, कब्रिस्तान, सिमरा रेस्टहाउस और जयप्रभानगर सहित कई स्थानों पर छापामारी की. लोहसिंघना पुलिस ने कोलघटी, मंडई खुर्द, मंडई कला और झील रोड क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया. इचाक पुलिस ने थाना क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों में कार्रवाई की. छावनी, बोधिबागी, हदारी, बोंगा, सिजुवा, करियातपुर और डुमरोन के बंद पड़े क्रशरों में छापामारी कर मनचले युवकों को खदेड़ा गया. दारू थाना पुलिस ने जुआ और शराब अड्डों पर कार्रवाई करते हुए बासोबार, हरली समेत कई क्षेत्रों में छापामारी की.
50 टीमें बनी थीं, 209 पदाधिकारी-पुलिसकर्मी थे शामिल :
जिले में विशेष छापामारी अभियान के लिए पुलिस की 50 टीम गठित की गयी थी. इसमें 209 पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों को शामिल किया गया. गठित टीमों ने अड्डेबाजी और मनचले व्यक्तियों के 122 ठिकानों पर छापामारी की. अभियान के दौरान 69 मनचले व्यक्तियों को थाना लाया गया. बाद में उन्हें पीआर बांड पर छोड़ दिया गया.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.