एमपीएल की कोयला ढुलाई बाधित
गिद्दी (हजारीबाग) : एमपीएल की कोयला ढुलाई गिद्दी सी में पिछले कई दिनों से बाधित है. कोलियरी प्रबंधन ने बीकेबी व नरेश कुमार कंपनी के लिफ्टर को नोटिस दिया है. प्रबंधन ने चेतावनी दी है कि कोयला ढुलाई यहां पर शुरू नहीं होगी, तो प्रबंधन आगे की कार्रवाई शुरू करेगी. उधर, बीकेबी के लिफ्टर सरफुल हक ने गिद्दी सी पीओ को पत्र दिया है.
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से एमपीएल की कोयला ढुलाई यहां पर बाधित है. बीकेबी के लिफ्टर ने झामुमो नेता विनोद किस्कू व सतकड़िया के राजेश टुडू पर कोयला ढुलाई रोकने का आरोप लगाया है. हालांकि, यहां पर नरेश कुमार कंपनी की भी कोयला ढुलाई बाधित है.
नरेश कुमार कंपनी के लिफ्टर ने कोयला ढुलाई रोकने का आरोप किसी पर नहीं लगाया है. झामुमो नेता विनोद किस्कू का कहना है कि सतकड़िया बस्ती के रैयतों व विस्थापितों के कई लंबित मांगें है. सतकड़िया के विस्थापित व प्रभावितों को वैकल्पिक रोजगार के प्रति प्रबंधन को पूर्व में हुए समझौते के तहत ध्यान देना होगा. दोनों लिफ्टरों में बात नहीं बन रही है. प्रबंधन के लिए भी यह परेशानी बन गयी है.
आने वाले दिनों में इस मामले का हल नहीं निकलेगा, तो कई तरह की समस्या खड़ी हो सकती है. बीकेबी के लिफ्टर सरफल हक ने गिद्दी सी पीओ को पत्र दिया है. पत्र में लिफ्टर का कहना है कि हमने कोयला ढुलाई के लिए 15 वाहनों को परियोजना के अंदर प्रवेश कराना चाहा, लेकिन सतकड़िया के राजेश टुडू के लोगों ने वाहनों को रोक दिया है.
