बरही के 10 मजदूरों को कर्नाटक में गन्ना किसान ने बंधक बनाया

मजदूरों ने राज्य सरकार से सकुशल वापसी की फरियाद लगायी

बरही. बरही प्रखंड के 10 मजदूर कर्नाटक के लोकापुर क्षेत्र में फंसे हुए हैं. मजदूरों का आरोप है कि एक गन्ना किसान उन्हें बंधक बनाकर खेत में काम करा रहा है और बदले में केवल दो जून का भोजन दिया जा रहा है. मजदूरों को अब तक कोई पारिश्रमिक नहीं मिला है. फंसे मजदूरों में बरही के बाराटांड़ निवासी सूरज रविदास, संतोष राम, अजीत राम, अनिल राम, सकलदेव राम, बरहीडीह के कृष्णा साहू तथा कुंडवा गांव के किरण भुइयां, मंटू भुइयां, सचिन भुइयां और सन्नी भुइयां शामिल हैं. मजदूरों ने मोबाइल फोन पर बताया कि नियोक्ता राहुल राठौर का कहना है कि ठेकेदार मजदूर सप्लाई करने के एवज में चार लाख रुपये लेकर गया है. जब तक यह रकम वापस नहीं की जाती या ठेकेदार को बुलाकर नहीं लाया जाता, तब तक उन्हें नहीं छोड़ा जायेगा. मजदूरों के अनुसार बरही के पड़िरमा निवासी चेतलाल तुरी और हजारीबाग के श्रीकांत मंडल महाराष्ट्र में काम दिलाने का झांसा देकर पांच दिसंबर को बरही से ले गये थे. बाद में उन्हें महाराष्ट्र न ले जाकर जबलपुर होते हुए कर्नाटक पहुंचा दिया गया और गन्ना कटाई के काम में लगा दिया गया. प्रति माह 30 हजार रुपये मजदूरी और लोडिंग का पैसा अलग से देने की बात तय हुई थी, लेकिन 18 जनवरी तक एक रुपये का भी भुगतान नहीं हुआ है. फंसे मजदूरों ने झारखंड सरकार से अपील की है कि उन्हें मुक्त कराकर सुरक्षित घर पहुंचाया जाये. इधर, मजदूरों के परिजनों ने रविवार को बरही थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की. बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि नियोक्ता से फोन पर बात कर बकाया भुगतान और मजदूरों की सकुशल वापसी के लिए दबाव बनाया गया है. नियोक्ता ने एक सप्ताह के भीतर मजदूरी भुगतान कर सभी को घर भेजने का आश्वासन दिया है

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sunil prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >