चैनपुर. कुरुमगढ़ थाना के सिविल गांव में 21 वर्षीय युवक की पत्थर से कूच कर हत्या कर दी. मृतक की पहचान बैंक कॉलोनी दुंदुरिया निवासी बजरंग उरांव के रूप में हुई है. ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को बरामद कर लिया है और हत्या के कारणों की तफ्तीश में जुट गयी है. ग्रामीणों ने गांव में एक युवक का शव देख इसकी सूचना कुरुमगढ़ पुलिस को दी. सूचना मिलते थाना प्रभारी दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. हत्यारों ने युवक के चेहरे को पत्थर से कूच दिया गया था, जिससे पुलिस को शुरुआत में शव की शिनाख्त करने में मेहनत करनी पड़ी. काफी प्रयास और छानबीन के बाद मृतक की पहचान दुंदुरिया के बैंक कॉलोनी निवासी बजरंग उरांव (21 वर्ष) के रूप में की गयी. थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रख कर मामले की जांच कर रही है.
वाहन जांच अभियान चला
घाघरा. थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने थाना के मुख्य द्वार पर वाहन जांच अभियान चलाया. अभियान के दौरान बिना हेलमेट व बगैर लाइसेंस समेत वाहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की. जांच में कमी पाये जाने पर वाहन को जब्त कर थाना परिसर में रखा गया. परिवहन विभाग से चालान काटने के बाद वाहन को छोड़ा जायेगा. थानेदार मोहन कुमार सिंह ने कहा कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है. अभियान का उद्देश्य लोगों को यातायात व सड़क नियमों के प्रति जागरूक करना है.
