गुमला. आज वर्ष 2026 का पहला दिन है. यानी फर्स्ट जनवरी. यह खुशी का पल के साथ उत्साह व उमंग है. परिवार में खुशी. दोस्तों में उत्साह. बच्चों में हंसी-ठिठोली. आज गुमला जिले के लोग प्रकृति की गोद में खाने, पीने और घूमने का पूरा मजा लेंगे. यूं कहा जाये, तो प्रकृति की गोद में साल का पहला दिन गुजरेगा. कोई परिवार के साथ, तो कोई अपने दोस्तों के साथ. गुमला जिले के सभी पिकनिक स्पॉट लोगों से गुलजार रहेगा. नववर्ष को देखते हुए यहां के पिकनिक स्पॉट भी सज-धज कर तैयार है. गुमला जिले की सवा 12 लाख आबादी नववर्ष को लेकर उत्साहित है. कहीं नये पकवान बनेंगे, तो कोई रुखा-सूखा खाकर नये साल का स्वागत करेगा. गुमला में 50 से अधिक पिकनिक स्पॉट हैं, जहां लोग नववर्ष की खुशियां सपरिवार मनायेंगे. पग-पग पर हसीन वादियां. दक्षिणी कोयल व शंख नदी की इठलाकर बहती जलधारा. ऊंचे पहाड़. घुमावदार रोड. घने जंगलों के बीच बसे गांव. पहाड़ की चोटी पर सुंदर तालाब व हरे भरे पेड़. कोयल की कुंहू. चिड़ियों की चहचहाहट. गुमला जिले को प्रकृति ने खुद संवारा है. यहां का नैसर्गिक वातावरण सैलानियों को खींच लाता है. नववर्ष में पूरा गुमला पर्यटक स्थलों पर नजर आता है. कहीं नागपुरी, कहीं फिल्मी, तो कहीं भोजपुरी फिल्मों की गीत पर युवक पहाड़ की कंदराओं, घने जंगल व नदियों के किनारे थिरकते नजर आयेंगे. गुमला में कई ऐसे पर्यटक स्थल हैं, जहां आसानी से घूमा जा सकता है. इसके लिए समय का ख्याल रखना जरूरी है. गुमला शहर से नजदीक के पर्यटक स्थल जैसे नागफेनी, पालकोट, बरिसा टोंगरी, सारू पहाड़, मरदा नदी में अपनी सुविधा के अनुसार पहुंचा जा सकता है.
नववर्ष को लेकर प्रशासन अलर्ट
गुमला जिले के सभी पिकनिक स्पॉटों पर प्रशासन की नजर रहेगी. नववर्ष के सेलिब्रेशन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. सभी प्रखंड के बीडीओ व थानेदार को पिकनिक स्पॉटों पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया है. वहीं जो खतरनाक जोन हैं, वहां से दूरी बना कर नववर्ष की खुशियां मनाने की अपील की गयी है. एसपी व डीसी ने लोगों से अपील की है कि आप नववर्ष की खुशी मनायें, लेकिन सावधानी के साथ.
परेशानी हो, तो करें कॉल
उपायुक्त गुमला : 9431116003पुलिस अधीक्षक : 9431706376
प्रभात खबर : 9471501007डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
