डायन बिसाही मामले में महिला की गला रेतकर हत्या

डायन बिसाही के शक में फट्ठी बगीचाटोली गांव निवासी मैनो देवी (50) की बेरहमी से हत्या कर दी गयी थी

प्रतिनिधि, गुमला. गुमला में डायन बिसाही के शक में फट्ठी बगीचाटोली गांव निवासी मैनो देवी (50) की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को खटवा नदी के किनारे गाड़ दिया गया था. पुलिस ने खोजी कुत्ते के सहारे शव को दो दिन बाद बरामद किया. वहां हत्या के आरोप में अभियुक्त करमपाल लकड़ा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. करमपाल ने पुलिस को बताया कि उसने ही मैनो देवी की हत्या कर शव को नदी के किनारे गाड़ दिया है. हत्या में प्रयुक्त धारधार हथियार पुलिस ने बरामद कर ली है. मैनो देवी की हत्या शुक्रवार को हुई थी. रविवार की रात को पुलिस ने शव को बरामद की है. शव का पंचनामा एएसआइ हेमा कुमारी ने करते हुए सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया. भाभी की मौत के बाद अंधविश्वास में आ गया करमपाल मृतका के बेटे बिरिया उरांव ने बताया कि मेरे पड़ोसी करमपाल लकड़ा की भाभी की मौत सांप डंसने से वर्ष 2019 में हो गयी थी. उसके बाद करमपाल के परिवार वाले मेरी मां मैनो देवी पर अक्सर डायन बिसाही का आरोप लगाकर प्रताड़ित करते थे. मेरी मां की हत्या करने से पहले करमपाल लकड़ा के परिवार के लोग घाघरा प्रखंड जाकर किसी भगत से मिले थे. भगत ने मेरी मां को डायन बिसाही नहीं करार दिया था. लेकिन फिर भी करमपाल व उसके परिवार के लोग नहीं मान रहे थे और मेरी मां पर डायन बिसाही का आरोप लगाकर लगातार लड़ाई झगड़ा करते थे. प्रताड़ित करने के संबंध में थाना में प्राथमिकी भी दर्ज हुई थी. उसके बाद मामला को आपसी समझौता के तहत निपटारा कर लिया गया था. डॉग स्क्वाड की मदद से शव खोजा गया शुक्रवार को मेरी मां अपने घर से निकल कर थोड़ी दूर स्थित अपने दूसरे घर जाने की बात कहकर निकली थी. उसके बाद से वह लापता थी. जिसके बाद हमलोगों ने खोजबीन करने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला, तो हमलोगों ने टोटो थाना में आवेदन सौंपकर खोजबीन कराने की मांग की थी. लेकिन टोटो थाना ने कोई कार्रवाई नहीं होने पर दूसरे दिन गुमला थाना पहुंचे. जिसके बाद एसपी के निर्देश पर एसएसबी के जवानों द्वारा डॉग स्क्वाड टीम को लेकर पहुंची. लेकिन फिर भी खोज नहीं पायी. गत रविवार को डीएसपी डॉग स्क्वाड को लेकर पहुंचे और करमपाल लकड़ा से कड़ाई से पूछताछ की. जिसके बाद उसने हत्या करने की बात स्वीकार की. इसके बाद करमपाल की निशानदेही पर डॉग स्क्वाड द्वारा रविवार की देर रात शव को नदी के किनारे से बरामद किया गया. बिरिया उरांव ने बताया कि डायन बिसाही के आशंका में आकर करमपाल ने उसकी मां मैनो देवी की हत्या कर दी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Deepak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >