गुमला.पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में दोषी करार दिये गये आरोपी विकास टोप्पो को एडीजे-4 संजीव भाटिया की अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. अदालत के फैसले के बाद दोषी को उम्रकैद की सजा भुगतनी होगी. घटना सात मई 2022 की शाम करीब चार बजे की है.
डुमरी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने साथी के साथ लकड़ी लाने जा रहा था. इसी दौरान महुआडीपा बगीचा के समीप दोनों खैनी खाने के लिए रुके. तभी उनकी नजर आम के पेड़ के पीछे एक व्यक्ति पर पड़ी, जो एक नाबालिग बच्ची के साथ गलत हरकत कर रहा था. दोनों जब बगीचा पहुंचे, तो देखा कि आरोपी विकास टोप्पो बच्ची के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म कर रहा था. दोनों को अपनी ओर आता देखकर आरोपी मौके से भागने लगा. उन्होंने काफी दूर तक उसका पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया.
घर पहुंचकर परिजनों को दी जानकारी
घटना के बाद बच्ची को उसके परिजन अपने घर ले गये. शाम करीब सात बजे आरोपी के ठिकाने पर जाकर उसके बारे में पूछताछ की गयी. लेकिन बताया गया कि वह सुबह घर से निकला था और अभी तक वापस नहीं आया है.
रात होने के कारण उसी दिन थाना नहीं पहुंच सके. इसके बाद आठ मई 2022 को पीड़िता के परिजन ने डुमरी थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की. आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. इसके बाद आरोपी को पकड़ा गया था.
