गुमला: सिसई प्रखंड क्षेत्र के पुसो थाना अंतर्गत लरंगो पंचायत के बर्री गांव में शनिवार की शाम करीब छह बजे बारिश के दौरान वज्रपात होने से पेड़ से बंधे दो बैलों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. वहीं, बैलों की मौत से पीड़ित किसान परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
कर्ज लेकर खेती के लिए खरीदे थे दोनों बैल
बर्री गांव निवासी 35 वर्षीय सीताराम उरांव गरीब मजदूर किसान हैं. खेती के लिए उन्होंने कर्ज लेकर दो बैल खरीदे थे. इन्हीं बैलों के सहारे वह अपने खेतों में जुताई सहित अन्य कृषि कार्य करते थे. अचानक वज्रपात की चपेट में आने से दोनों बैलों की मौत हो गई, जिससे किसान के सामने बड़ी आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है.
ये भी पढ़ें- कांग्रेस ने पंचायतों का किया दौरा, ग्रामीणों ने सड़क, पुल और बिजली की समस्याएं गिनाई
किसान ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की
दोनों बैलों की मौत से सीताराम उरांव और उनका परिवार सदमे में है. अचानक हुई इस घटना से किसान के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पीड़ित किसान ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उसे आर्थिक नुकसान से कुछ राहत मिल सके.
