घाघरा. घाघरा थाना क्षेत्र के देवाकी पीठवरटोली पेट्रोल पंप के समीप सोमवार को सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों घायलों को घाघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया.
मृतक की पहचान बिशनपुर प्रखंड के चिरोडीह निवासी करीब 48 वर्षीय गंगेश्वर बड़ाईक के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, हेसराग निवासी संतोष लोहार और अनिल उरांव घाघरा साप्ताहिक हाट से शराब पीकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही गंगेश्वर बड़ाईक की मोटरसाइकिल से उनकी सीधी भिड़ंत हो गयी.
हादसे में गंगेश्वर की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. सूचना मिलने पर घाघरा पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिलों को जब्त कर थाना ले गयी.
