समस्याओं का समयबद्ध निष्पादन प्रशासन की प्राथमिकता : डीसी

साप्ताहिक जन शिकायवत निवारण दिवस में ग्रामीणों ने रखीं अपनी समस्याएं

गुमला. उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला समाहरणालय में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया. इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से आये नागरिकों ने अपनी समस्याओं व मांगों को उपायुक्त के समक्ष रख निदान की मांग की. उपायुक्त ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना. बिशुनपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम चिंगारी से आये टाना भगत समुदाय के प्रतिनिधियों द्वारा स्वतंत्रता सेनानी जतरा टाना भगत के स्मारक स्थल के सुंदरीकरण व श्रद्धालुओं के ठहराव के लिए अतिथि गेस्ट हाउस के निर्माण की मांग रखी. इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग को प्रस्ताव का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. टाना भगतों ने अपने कृषि कार्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ट्रैक्टर, ट्रॉली, सिंचाई पंपसेट समेत अन्य कृषि यंत्रों के वितरण से संबंधित मांगें रखीं. उपायुक्त ने कृषि विभाग को योजनानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. ग्राम नरमा की उर्सिला कुमारी ने राशन कार्ड में पुत्री का नाम जोड़ने में हो रही देरी के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया. प्रखंड सिसई अंतर्गत ग्राम बानपुर पानीलता के सुरेश उरांव द्वारा आवास निर्माण के लिए भूमि पर अनुमति प्रदान करने के संबंध में आवेदन दिया. इसके अलावा आवेदकों द्वारा पेंशन, जनवितरण प्रणाली, राजस्व मामलों व आधारभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को रखा. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी व न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित किया जाये. कहा कि समस्याओं का समयबद्ध निष्पादन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >