गुमला. गुमला जिले में संचालित बोर्ड एग्जाम विजय अभियान के तहत कक्षा 10वीं व 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विशेष मॉक टेस्ट टू का आयोजन आठ से 10 जनवरी 2026 तक किया किया जायेगा. मॉक टेस्ट टू की यह परीक्षा दो पालियों में ली जायेगी. यह मॉक टेस्ट आगामी तीन फरवरी 2026 से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए वास्तविक परीक्षा की तर्ज पर आयोजित होगी. ज्ञात हो कि नवंबर 2025 में पहली मॉक टेस्ट से विद्यार्थियों की विषयवार तैयारी, उत्तर लेखन क्षमता व परीक्षा अनुशासन का आकलन किया गया था, जिसमें कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए विद्यालय स्तर पर विशेष रेमेडियल कक्षाएं संचालित की गयी. इससे उनकी शैक्षणिक प्रगति में सुधार देखने को मिला. अब विशेष मॉक टेस्ट टू में कक्षा 10वीं व 12वीं (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य) के वैसे सभी विद्यार्थी सम्मिलित होंगे, जिन्होंने बोर्ड परीक्षा 2026 का फॉर्म भरा है. साथ ही पहले मॉक टेस्ट में चिह्नित कमजोर विद्यार्थियों की 100 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य की गयी है. सभी माध्यमिक, उच्चतर माध्यमिक व इंटर कॉलेज को निर्देश दिया गया है कि कमजोर चिह्नित विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं का विशेष रूप से त्वरित, गहन व विषयवार मूल्यांकन किया जाये, ताकि उनकी कमियों को स्पष्ट रूप से चिह्नित कर समय रहते सुधारात्मक कदम उठाये जा सके. दूसरे मॉक टेस्ट के बाद 15 से 30 जनवरी 2026 तक आवश्यकता अनुसार दो सप्ताह का विशेष सुधारात्मक कार्यक्रम चलाया जायेगा. इस दौरान बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को अतिरिक्त कक्षाएं, पुनरावृत्ति अभ्यास, मॉडल प्रश्नों पर कार्य एवं व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्रदान किया जायेगा, ताकि सभी विद्यार्थियों की उत्तीर्णता सुनिश्चित की जा सके. साथ ही सभी कोटि के माध्यमिक, उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों व इंटर कॉलेजों के प्रधानाध्यापकों को मॉक टेस्ट, उपस्थिति, मूल्यांकन एवं रेमेडियल कक्षाओं के संचालन में पूर्ण गंभीरता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग व विद्यालय स्तर के समन्वित प्रयास से बोर्ड एग्जाम विजय अभियान को सफल बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाये जा रहे हैं. इसका उद्देश्य केवल परीक्षा उत्तीर्ण कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, विषयगत स्पष्टता व बेहतर परिणाम सुनिश्चित करना है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
