प्रतिनिधि, गुमला गुमला में चोरों द्वारा गुमला-चैनपुर मार्ग के बीच निर्माणाधीन 132 केवी डी/सी ट्रांसमिशन लाइन से भारी मात्रा में तार और टावर पार्ट्स की चोरी कर ली गयी है. आरएस इंफ्रा प्रोजेक्ट के डिप्टी मैनेजर ए सिम्हाचलम ने गुमला थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. ज्ञात हो कि ग्राम वृंदा के पास अज्ञात चोरों ने 4348 मीटर तार और 400 किलो टावर पार्ट्स गायब कर दिये. जिससे कंपनी को करीब 20.60 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. पुलिस ने मामला दर्ज कर संगठित गिरोह की तलाश शुरू कर दी है. आवेदन के मुताबिक 23 मार्च 2026 को लाइन की जांच के दौरान सब कुछ सही पाया गया था. लेकिन 30 मार्च 2026 को दोबारा निरीक्षण करने पर ग्राम वृंदा के पास बड़े पैमाने पर चोरी का खुलासा हुआ. अज्ञात चोरों ने कई लोकेशनों के बीच से कुल 4348 मीटर लंबा तार काटकर चोरी कर लिया. चोरी किये गये तार की कीमत करीब 7.5 लाख रूपये आंकी गयी है. इसके अलावा, जांच में विभिन्न टावर लोकेशनों से करीब 400 किलोग्राम टावर पार्ट्स भी गायब पाये गये. जिसकी अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख रुपये बतायी गयी है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर रही है और चोरी में शामिल गिरोह की तलाश में जुट गयी है.
20.60 लाख रुपये के तार व पार्टस की चोरी
20.60 लाख रुपये के तार व पार्टस की चोरी
