गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
Gumla News: झारखंड के गुमला शहर के डीएसपी रोड में भीषण चोरी की घटना घटी है. चोरों ने चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व सचिव और वर्तमान कार्यकारिणी सदस्य दिलीप गुप्ता के बंद घर को निशाना बनाते हुए 24 लाख रुपये से अधिक की चोरी की है. इसमें नकदी और जेवरात है. चोरी की राशि बढ़ सकती है. इस घटना के बाद से स्थानीय व्यवसायियों और लोगों में असुरक्षा का माहौल है. चोरी की घटना के बाद जहां व्यापारियों में आक्रोश हैं. वहीं एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने चोरी की गुत्थी सुलझाने के लिए खुद लग गए हैं.
बंद घर को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, दिलीप गुप्ता बीते आठ मई को अपने इलाज के सिलसिले में पूरे परिवार के साथ रांची गए हुए थे. घर बंद होने का फायदा उठाते हुए चोरों ने रविवार की देर रात चोरी की घटना को अंजाम दिया. सोमवार की सुबह जब पड़ोसियों के माध्यम से घर में चोरी होने की सूचना मिली, तो दिलीप गुप्ता अपना मेडिकल अपॉइंटमेंट रद्द कर तत्काल गुमला पहुंचे. उन्होंने बताया कि चोरों ने घर के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगे दो तालों सहित अंदर के कुल पांच ताले तोड़कर आलमारियों को खंगाला.
लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ
भुक्तभोगी के अनुसार, चोरों ने घर में रखे लगभग सात लाख 70 हजार रुपये नकद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवरातों को चोरी कर लिया. चोरी किए गए सामानों में तीन सोने की चेन, तीन जोड़ी कान के झुमके, एक मांगटीका, एक ढोलना, सोने का जितिया, दो जोड़ी कान की बाली सहित चांदी की पायल और बिछिया शामिल हैं. इसके अलावा करीब चार लाख रुपये मूल्य का एक कीमती सरिता गुच्छा भी चोर ले उड़े. कुल मिलाकर करीब 24 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है.
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई करतूत
वारदात की जानकारी मिलते ही गुमला पुलिस और एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने घटनास्थल का दौरा किया. पुलिस ने घर का मुआयना करने के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाला. जिसमें रविवार की रात करीब दो बजे एक संदिग्ध चोर सिर झुकाकर घर के करीब आता दिख रहा है. एसडीपीओ ने खुद आसपास के कई कैमरों की बारीकी से जांच की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरों के कुछ सुराग मिले हैं और जल्द ही पूरे गिरोह की गिरफ्तारी कर ली जायेगी. पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि मामले का खुलासा प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: गुमला के कामडारा अस्पताल से गायब थीं डॉक्टर, इलाज के अभाव में एंबुलेंस चालक की मौत
इसे भी पढ़ें: रजरप्पा के छिन्नमस्तिका मंदिर से हटाए गए दुकानदारों के पुनर्वास पर हाईकोर्ट सख्त, दिए निर्देश
