गुमला. नगर भवन में सोमवार को उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत मशरूम कल्टीवेशन परियोजना पर कार्यशाला, प्रशिक्षण और चेक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने किया. उपायुक्त ने लाभुकों के बीच डमी चेक व सोलर ड्रायर का वितरण किया. उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी आय में सतत वृद्धि सुनिश्चित करना है. उन्होंने लाभुकों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रशासन आपको चलना सिखा सकता है, लेकिन आगे बढ़ कर दौड़ना आपको स्वयं होगा. कार्यक्रम के दौरान महिला लाभुकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि मशरूम खेती से उनकी आय में वृद्धि हुई है. जिला योजना पदाधिकारी रमण कुमार ने बताया कि उपायुक्त के मार्गदर्शन में आकांक्षी प्रखंड डुमरी के कुल 500 पीवीटीजी व जनजातीय परिवारों को चरणबद्ध तरीके से इस योजना से जोड़ा जा रहा है. योजना के प्रथम चरण में मॉडल गांव औरापाट के 45 परिवारों को ऑयस्टर मशरूम किट व तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया है. ऐप एग्रीगेट कंपनी द्वारा उत्पादों की खरीद सुनिश्चित की जा रही है, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार हो रहा है.
जयपुर से गुमला लायी गयी भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति
गुमला. शहर के खटवा नदी के समीप श्री विश्वकर्मा मंदिर निर्माण कार्य जोर-शोर से चल रहा है. मंदिर का निर्माण कार्य 75 प्रतिशत पूरा हो चुका है. सोमवार को जयपुर से श्री विश्वकर्मा भगवान की मूर्ति गुमला लायी गयी. श्री विश्वकर्मा समाज के अध्यक्ष विष्णु विश्वकर्मा ने बताया कि सभी लोगों के सहयोग से मंदिर निर्माण कार्य जल्द पूरा होगा और भव्य रूप से प्राण प्रतिष्ठा के साथ श्री विश्वकर्मा भगवान की प्रतिमा स्थापित की जायेगी. भगवान श्री विश्वकर्मा का यह मंदिर इस क्षेत्र का पहला विशाल मंदिर होगा. मंदिर निर्माण कार्य में गुमला के अलावा अन्य क्षेत्रों से भी लोगों के द्वारा बढ़-चढ़ कर सहयोग कर रहे हैं.
