बिशुनपुर. थाना क्षेत्र के हेसराग गांव स्थित पानी टंकी के समीप सोमवार को एक टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. हादसे में टेंपो में सवार 50 वर्षीय कारो देवी गंभीर रूप से घायल हो गयीं. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिशुनपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बनारी के साप्ताहिक हाट के लिए निकला था टेंपो
बताया जाता है कि सोमवार को बनारी में लगने वाले साप्ताहिक हाट के लिए टेंपो हेसराग गांव से यात्रियों को लेकर निकला था. ग्रामीणों के अनुसार, चालक तेज गति से टेंपो चला रहा था. इसी क्रम में गांव के पानी टंकी के समीप टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया.
पुलिस ने टेंपो किया जब्त
घटना की सूचना मिलने पर बिशुनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त टेंपो को जब्त कर लिया. पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए मंगलवार की सुबह सदर अस्पताल गुमला भेज दिया.
चालक अब तक फरार
पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना के बाद टेंपो चालक फरार बताया जा रहा है. पुलिस चालक की तलाश में जुटी है.
