नये वित्तीय वर्ष के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय कर कार्य करें : उपायुक्त

राजस्व संग्रहण की समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश, 30 दिनों में म्यूटेशन मामलों के निष्पादन पर जोर

गुमला. उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में शुक्रवार को राजस्व संग्रहण से संबंधित समीक्षा बैठक हुई. बैठक में परिवहन, खनन, निबंधन, नगर परिषद, विद्युत एवं मत्स्य विभाग समेत विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रहण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गयी. बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभागवार राजस्व संग्रहण प्रणाली की जानकारी ली. साथ ही ऑनलाइन म्यूटेशन, ऑनलाइन रेंट कलेक्शन, भूमि सीमांकन, परिशोधन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों, राजस्व न्यायालयों में लंबित वाद, उत्तराधिकार व बंटवारा म्यूटेशन, अंचल दिवस, जिला स्तरीय जन शिकायत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना तथा जाति, आय व आवासीय प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने तथा नये वित्तीय वर्ष के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय कर कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए ठोस कार्य योजना बनायी जाये और समयबद्ध तरीके से कार्य किया जाये. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि ऑनलाइन म्यूटेशन के सभी मामलों का निष्पादन 30 दिनों के अंदर किया जाये. अधिक लंबित मामलों वाले अंचलों में संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए वेतन स्थगित करने के निर्देश भी दिये गये. साथ ही बिना उचित कारण पेंडेंसी रखने पर संबंधित सीआइ एवं पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गयी. राजस्व न्यायालयों में लंबित वाद, ऑनलाइन रेंट कलेक्शन और प्रमाण पत्र निर्गमन से जुड़े मामलों की पेंडेंसी कम करने पर विशेष जोर दिया गया. उपायुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत दी. आपदा प्रबंधन की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करने और पात्र मामलों में समय पर मुआवजा राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि प्रभावित लोगों को त्वरित सहायता मिल सके. इस संबंध में सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को विशेष निगरानी रखने को कहा गया. इसके अलावा उपायुक्त ने अंचल कार्यालयों के सीआइ व राजस्व कर्मियों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा की और नये नियुक्त कर्मियों को अपने कार्य के प्रति गंभीरता से सीखने व दक्षता बढ़ाने की सलाह दी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाये, ताकि लोगों को उच्च कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. बैठक में अपर समाहर्ता शशिंद्र कुमार बड़ाइक, डीसीएलआर बसिया शेखर कुमार, एसडीओ सदर राजीव नीरज, एसडीओ चैनपुर पूर्णिमा कुमारी, डीसीएलआर चैनपुर कंचन सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला स्थापना उप समाहर्ता सहित विभिन्न प्रखंडों के बीडीओ, सीओ एवं संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >