युवक की संदेहास्पद मौत, जंगल में पेड़ से लटका मिला शव

प्रेम-प्रसंग में गला दबा कर हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

गुमला. गुमला. गुमला के कोयनारा टोंगरीटोली निवासी 20 वर्षीय युवक गौरव सिंह (पिता- रमेश सिंह) का शव मंगलवार की सुबह सेमरा जंगल में एक पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला. मृतक सोमवार को ही गोवा से कमा कर अपने घर लौटा था. परिजनों ने प्रेम प्रसंग के विवाद में गला दबाकर हत्या करने और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को पेड़ पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है. जानकारी के अनुसार सोमवार को गौरव सिंह अपने दो दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर बघिमा में लगने वाला मेला देखने जा रहा था. इस दौरान रास्ते में उसके मोबाइल पर किसी लड़की का फोन आया. फोन आने के बाद गौरव बाइक से उतर गया और उसने अपने दोस्तों से कहा तुम लोग आगे बढ़ो, मैं खेत के रास्ते से मेला आ रहा हूं. इसके बाद रास्ते में एक-दो बार दोस्तों से उसकी फोन पर बातचीत भी हुई, लेकिन फिर अचानक उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया. दोस्तों ने सोचा कि वह उसी लड़की के साथ होगा. बघिमा मेला पहुंचने पर दोस्तों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन गौरव का कहीं पता नहीं चला. इसके बाद मंगलवार की सुबह जब स्थानीय ग्रामीण सेमरा जंगल की तरफ गये, तो उन्होंने गौरव का शव पेड़ से लटका हुआ देखा. जंगल में शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते पुलिस और मृतक के परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे. परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, खंगाला जा रहा है कॉल डिटेल्स मृतक के रिश्तेदार डबलू सिंह व अन्य परिजनों ने आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि यह सीधे तौर पर हत्या का मामला है. प्रेम-प्रसंग के कारण पहले गला दबा कर उसकी हत्या की गयी और फिर इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया. फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या और आत्महत्या, दोनों ही एंगलों से बारीकी से जांच कर रही है. सच सामने लाने के लिए पुलिस मृतक के पास से बरामद मोबाइल के आधार पर कॉल डिटेल्स भी खंगाल रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >