रायडीह (गुमला). रायडीह थाना के बांसडीह गांव में सोमवार को भारत माला सड़क परियोजना के तहत प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी. सड़क निर्माण के प्रारंभिक सर्वे कार्य के दौरान ग्रामीणों ने एनएचएआइ (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के कर्मियों पर पथराव कर दिया, जिसमें एक कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार भारत माला सड़क परियोजना के अंतर्गत रायडीह थाना क्षेत्र के कटकाया शंख नदी से गुमला खोरा तक लगभग 32 किमी लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण प्रस्तावित है. सोमवार को एनएचएआइ के कर्मी सड़क की लाइन मापी और मिट्टी लेवलिंग कार्य के लिए बांसडीह गांव पहुंचे थे. शाम करीब पांच बजे अचानक बांसडीह गांव के कुछ ग्रामीण पारंपरिक हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और सड़क निर्माण का विरोध करने लगे. देखते ही देखते ग्रामीणों ने पत्थर के टुकड़ों से एनएचएआइ कर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें एक कर्मी घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआइ के अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सभी कर्मियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया तथा घायल कर्मी को इलाज के लिए भेजा. चार नामजद व 10 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज : सड़क निर्माण कार्य में बाधा डालने और एनएचएआइ कर्मियों पर पथराव के मामले में रायडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इस मामले में चार लोगों को नामजद तथा 10 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. नामजद अभियुक्तों में नवल उरांव, जगदीप उरांव, एलेश्वर उरांव और मंजू देवी शामिल हैं. अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. शांति बनाये रखने की अपील : रायडीह थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव ने बताया कि इस संबंध में रायडीह थाना कांड संख्या 4/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 353 (सरकारी कार्य में बाधा) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा बांसडीह गांव में जाकर लोगों से शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील की गयी है.
एनएचएआइ कर्मियों पर पथराव, एक घायल
विरोध. भारत माला फोरलेन सड़क सर्वे के दौरान बांसडीह गांव में ग्रामीणों ने किया बवाल
