भरनो. भरनो प्रखंड के लोंडरा गांव में युवा सरना समिति के तत्वाधान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का गुरुवार को भव्य समापन किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सिसई विधायक जिग्गा सुसारण होरो उपस्थित हुए. उन्होंने खिलाड़ियों से आत्मीय परिचय प्राप्त कर फाइनल मैच का विधिवत उद्घाटन किया और प्रतियोगिता के अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया.
टूर्नामेंट का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला बंगरू और कुंबाटोली की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें कड़े मुकाबले के बाद बंगरू की टीम एक-शून्य से विजयी होकर खिताब पर कब्जा जमाने में सफल रही. इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया था.
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक जिगा सुसारण होरो ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के समय में खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि खेल के माध्यम से भी बेहतर भविष्य का निर्माण किया जा सकता है. उन्होंने क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिया.
इस अवसर पर करंज थाना प्रभारी करण टुडू, विधायक के निजी सहायक अभिषेक लकड़ा, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश उरांव, प्रखंड अध्यक्ष जॉनसन बाड़ा, आकाश लकड़ा, करमचन्द बड़ाईक, सुदामा उरांव, बिरसा उरांव, कड़ेया उरांव सहित कई अन्य कार्यकर्ता और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित थे.
