आयुष्मान कार्ड बनाने को विशेष अभियान 25 अप्रैल तक

पीडीएस दुकानों पर लगेंगे शिविर, ऑन-द-स्पॉट बनेगा कार्ड

गुमला. जिले में आयुष्मान भारत योजना के तहत सभी पात्र लाभुकों को आच्छादित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जायेगा. उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार यह अभियान 25 अप्रैल तक संचालित होगा. जिले में वर्तमान में कुल 8.8 लाख राशन कार्डधारी हैं, जिनमें से अब तक केवल 4.9 लाख लाभुकों का ही आयुष्मान कार्ड बन पाया है. शेष लाभुकों को योजना से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर यह अभियान शुरू किया गया है, जिसमें 25 अप्रैल तक शत-प्रतिशत कवरेज का लक्ष्य रखा गया है. अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों व पंचायतों में जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों पर राशन वितरण के दौरान शिविर लगाये जायेंगे. शिविरों में वीएलइ के माध्यम से लाभुकों का ऑन-द-स्पॉट आयुष्मान कार्ड बनाया जायेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ उठा सकें. अभियान के सफल संचालन के लिए प्रखंड स्तर पर सभी बीडीओ व पंचायत स्तर पर पंचायत सचिवों को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है. वहीं जिला स्तर पर सिविल सर्जन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी व जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई (एनएचएम) को निगरानी और अनुश्रवण की जिम्मेदारी सौंपी गयी है. संपूर्ण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उपविकास आयुक्त को वरीय पदाधिकारी नामित किया गया है. साथ ही सभी वीएलइ को सक्रिय पीडीएस डीलरों के साथ टैग किया गया है, ताकि राशन वितरण के दौरान समन्वय बना कर अधिक से अधिक पात्र लाभुकों का आयुष्मान कार्ड सुनिश्चित किया जा सके. उपायुक्त ने सभी पात्र लाभुकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि के अनुसार अपने नजदीकी पीडीएस दुकान पर पहुंच कर आयुष्मान कार्ड बनवायें और योजना का लाभ अवश्य उठायें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >