गुमला. गुमला में रसोई गैस की कमी को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. गैस की अनियमित आपूर्ति से परेशान लोग हर एक-दो दिन के अंतराल पर अलग-अलग स्थानों पर सड़क जाम कर विरोध जता रहे हैं. शुक्रवार को भी ऐसा ही दृश्य देखने को मिला, जब जशपुर रोड स्थित बिरसा मुंडा एग्रो पार्क के बाहर उपभोक्ताओं ने सड़क जाम कर दी. यह सड़क झारखंड और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाली मुख्य मार्ग है. आक्रोशित उपभोक्ताओं ने सड़क के बीचों-बीच खाली गैस सिलेंडर रख कर करीब दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया, जिससे राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा. जानकारी के अनुसार जाम से पहले इस मार्ग पर दो बार गैस वितरण किया गया था, लेकिन सभी उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल सकी. इससे नाराज शेष उपभोक्ताओं ने सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया. सूचना मिलने पर सदर थाना के एसआइ धीरज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. बाद में थाना प्रभारी महेंद्र करमाली भी पहुंचे और सख्ती दिखाते हुए सड़क से सिलेंडर हटवाना शुरू किया. पुलिस की कार्रवाई के बाद उपभोक्ताओं ने भी अपने-अपने सिलेंडर सड़क किनारे व्यवस्थित रूप से रख दिये. इसके बाद गैस वाहन पहुंचने पर वितरण शुरू कराया गया. उपभोक्ताओं का दर्द : प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस बुकिंग के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है. एक उपभोक्ता ने कहा कि उसने 21 मार्च को बुकिंग की थी और उसी दिन डीएसी मैसेज भी मिला, लेकिन गैस नहीं मिली. इसके बाद एक अप्रैल को दोबारा मैसेज आया, फिर भी वितरण नहीं हुआ. वहीं, तेलगांव कानाटोली के एक अन्य उपभोक्ता ने बताया कि एक अप्रैल को बुकिंग के बावजूद अब तक गैस नहीं मिली है. कई उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें गैस लेने के लिए बुलाया गया, लेकिन मौके पर गैस उपलब्ध नहीं करायी गयी. लगातार हो रही इस परेशानी से नाराज उपभोक्ता अब सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर हैं.
रसोई गैस नहीं मिलने पर किया रोड जाम
जशपुर रोड पर उपभोक्ताओं ने खाली सिलेंडर रख कर दो घंटे तक बाधित किया आवागमन
