गुमला. जिले के ग्राम धोधरा स्थित प्राचीन महादेव मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर पूजा सह मेला के आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. श्री महाशिवरात्रि पूजा सह मेला समिति के सदस्य पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शिवालय में विशेष पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था देखने को मिलती है. गुमला जिला समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिव भक्त ग्राम धोधरा पहुंच कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं. समिति द्वारा 15 फरवरी 2026 को सुबह सात बजे से शिव पूजन एवं अर्चना का शुभारंभ किया जायेगा. इसके बाद सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक मेला व भव्य नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा. श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति ने लंगर (भंडारा) की भी उत्तम व्यवस्था की है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे. कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए समिति के अध्यक्ष चरकू सिंह, युवा अध्यक्ष शिव सिंह, कोषाध्यक्ष अमरीका सिंह, सह-कोषाध्यक्ष पवन सिंह, सचिव सुदामा गोप, सह सचिव अमर सिंह, संरक्षक सकलदीप सिंह, संरक्षक गणपत सिंह, पीतांबर सिंह, एतवा सिंह, राजू सिंह, हेमन्त सिंह, अनुज उरांव, कैलाश सिंह, सूरज सिंह, विश्वनाथ सिंह, सुनील भगत, भुवनेश्वर सिंह, बंधना महतो आदि सदस्य सक्रिय रूप से लगे हैं. युवा अध्यक्ष शिव सिंह ने गुमला जिला एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा है कि महाशिवरात्रि पर ग्राम धोधरा स्थित महादेव मंदिर में आयोजित महा पूजा-सह-मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में सपरिवार उपस्थित होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करें और आयोजन को सफल बनायें. आयोजन समिति ने भी सभी श्रद्धालुओं एवं ग्रामवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है.
धोधरा के प्राचीन महादेव मंदिर में पूजा सह मेला 15 फरवरी को
सुबह सात बजे से शिव पूजन, 10 बजे से नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम व मेला, भंडारा भी लगेगा
