गुमला. सदर थाना के केसीपारा गांव में छात्र की रहस्यमयी मौत अब सनसनीखेज हत्या के मामले में बदल चुकी है. 13 मार्च को जिस कुएं से प्रीतम गोप का शव बरामद हुआ था, उसी मामले में आयी पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. रिपोर्ट के अनुसार प्रीतम की मौत दुर्घटना नहीं, बल्कि गला दबाकर की गयी हत्या है. शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान भी पाये गये हैं. बताया जा रहा है कि प्रीतम गोप 10 मार्च को अपनी मौसी माधुरी देवी के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गया था, जहां से वह अचानक लापता हो गया. परिजनों ने तीन दिनों तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. हैरानी की बात यह है कि जिस कुएं से 13 मार्च को शव मिला, वहां पहले दो दिनों तक खोजबीन की जा चुकी थी. ऐसे में तीसरे दिन उसी कुएं से शव मिलना कई सवाल खड़े करता है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह भी आशंका जतायी गयी है कि प्रीतम की हत्या उसके लापता होने के दूसरे दिन ही कर दी गयी थी. इधर मृतक के पिता बासु गोप ने थाना प्रभारी को आवेदन देकर इसे सुनियोजित हत्या बताया है. उन्होंने गांव के ही उमेश गोप पर मुख्य संदेह जताया है, जो कथित तौर पर माधुरी देवी का पूर्व पति है. साथ ही अजय साहू, प्रदीप साहू और अनु बड़ाइक को भी संदिग्धों में शामिल किया गया है. परिजनों का कहना है कि प्रीतम की किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी. ऐसे में आशंका जतायी जा रही है कि असल निशाना माधुरी देवी थीं, लेकिन प्रीतम इस साजिश का शिकार बन गया. घटना के बाद से परिवार में दहशत का माहौल है और आरोपियों के खुलेआम घूमने से डर बना हुआ है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पहले अपहरण के रूप में दर्ज केस को अब हत्या में बदल दिया है. एक युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिससे अहम सुराग मिलने की उम्मीद है. इधर, पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग की है. पूरे मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनाये हुए हैं. अहीर सेना के सचिव देवनारायण यादव ने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो संगठन आंदोलन करेगा.
जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जायेगा : थानेदार
प्रीतम गोप हत्याकांड को लेकर अहीर सेना झारखंड के सदस्य और पीड़ित परिवार गुमला थाना पहुंचे. थाना प्रभारी महेंद्र कुमार करमाली ने आश्वासन दिया कि पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है. उन्होंने कहा कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
