गुमला. गुमला. शहर में बढ़ रही चोरी व छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने गुमला चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों व व्यापारियों के साथ बैठक की. बैठक में एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव व थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, पुलिस-व्यापारी समन्वय बढ़ाने तथा अपराध नियंत्रण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की. बैठक में स्थानीय व्यवसायियों की सुरक्षा, चोरी व छिनतई की घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर जोर दिया गया. एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने व्यापारियों और आमलोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि यदि कोई बीट प्रभारी, इंस्पेक्टर या थाना प्रभारी शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई नहीं करता है या लोगों की बात नहीं सुनता है, तो वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी. चेंबर ऑफ कॉमर्स और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि शहर में होने वाली किसी चोरी की घटना को अब छिपाया नहीं जायेगा. व्यापारी वर्ग और आम जनता पुलिस के साथ मिल कर अपराध नियंत्रण में सक्रिय भूमिका निभायेंगे. बैठक में व्यवसायिक क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, रात्रि पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर सहमति बनी. इसके अलावा शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों के विस्तार और उनके नियमित रखर-खाव को लेकर भी चर्चा की गयी. यातायात और अतिक्रमण की समस्या पर भी विचार-विमर्श हुआ. बाजार क्षेत्रों में लगने वाले जाम से निजात दिलाने और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए चेंबर और पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्य करने का संकल्प लिया. बैठक में चेंबर के उपाध्यक्ष अभिजीत जायसवाल, सचिव प्रणय कुमार, पूर्व अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, हिमांशु केसरी, अनमोल गुप्ता, निवर्तमान अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष बबलू वर्मा, कोषाध्यक्ष अजय कुमार, सहसचिव राहुल केसरी, पीआरओ प्रतीक अग्रवाल, रितेश गुप्ता, मीडिया प्रभारी मनीष कुमार केशरी आदि उपस्थित थे.
चोरी रोकने के लिए पुलिस-व्यापारी एकजुट, रात्रि गश्ती व बीट संख्या बढ़ायी गयी
एसडीपीओ ने व्यापारियों को शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन
