गुमला. राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार आगामी 12 सितंबर को व्यवहार न्यायालय, गुमला में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जायेगा. इसमें अधिक से अधिक मामलों के त्वरित व सौहार्दपूर्ण समाधान हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने तैयारियां तेज कर दी है. इसी कड़ी में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पीडीजे) सह अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में मोटर दुर्घटना दावा वादों (एमएसीटी) के निष्पादन को लेकर विशेष बैठक आयोजित हुई.
इसमें विभिन्न बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए. पीडीजे अजीत कुमार सिंह ने बीमा कंपनियों व अधिवक्ताओं को निर्देश दिया कि दुर्घटना पीड़ितों और उनके आश्रितों को समय पर मुआवजा दिलाने के लिये मामलों का आपसी सहमति से निष्पादन करायें.
उन्होंने प्री-कॉन्सिलिएशन सिटिंग आयोजित करने पर जोर दिया. पीडीजे ने कहा कि लोक अदालत विवादों के त्वरित निष्पादन का सबसे बेहतर माध्यम है, जिससे पक्षकारों के समय और धन दोनों की बचत होती है. इस राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक ऋण, विद्युत, चेक बाउंस, पारिवारिक विवाद, भरण-पोषण, वन विभाग, दीवानी व अन्य सुलहनीय मामलों का निष्पादन किया जायेगा. प्राधिकार ने आम लोगों से इस लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है.
