गुमलाः भरनो में रविवार देर शाम बालू लदे तीन हाइवा पकड़े जाने के बाद मामला गरमा गया. खान निरीक्षक अरविंद ने तीनों हाइवा को पकड़कर भरनो थाना के सुपुर्द किया. इसके बाद दर्जनों हाइवा संचालक थाना पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा करने लगे. इस दौरान खान निरीक्षक और हाइवा संचालकों के बीच तीखी बहस भी हुई.
खान निरीक्षक अरविंद ने बताया कि गुमला एसडीओ के निर्देश पर अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ छापेमारी की गई थी. इसी क्रम में भरनो थाना के बाहर बालू लदे तीन हाइवा पकड़े गए. जांच के बाद तीनों वाहनों पर ओवरलोडिंग के मामले में जुर्माना लगाया गया है.
ये भी पढ़ें- आजसू के केंद्रीय सदस्य समेत दर्जनों लोगों ने थामा कांग्रेस का दामन, विधायक ने दिलाई सदस्यता
संचालकों ने लगाया मारपीट का आरोप
इधर, हाइवा संचालकों ने खान निरीक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह बिना नंबर की स्कॉर्पियो से कुछ लोगों को लेकर कार्रवाई करने पहुंचे थे. संचालकों ने वाहनों को पकड़ने के दौरान चालकों के साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया. हालांकि, खान निरीक्षक अरविंद ने मारपीट के आरोप को पूरी तरह खारिज किया. उन्होंने कहा कि उनके साथ कोई बाउंसर नहीं था, बल्कि निजी चालक था.
देर रात तक थाना परिसर में बनी रही गहमागहमी
तीन हाइवा पकड़े जाने के बाद देर रात तक भरनो थाना परिसर में हंगामे की स्थिति बनी रही. मामले को लेकर हाइवा संचालकों और खान विभाग के बीच विवाद बढ़ गया है. अब दोनों पक्षों की शिकायत और आरोपों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.
