वज्रपात की चपेट में आने से एक की मौत, तीन घायल

घायलों में एक को रिम्स रेफर, दो का सदर अस्पताल में चल रहा इलाज

रायडीह. रायडीह प्रखंड में सोमवार को बारिश के साथ हुए वज्रपात की चपेट में आने से सुरसांग थाना के तुलमुंगा डुमरटोली निवासी प्रेम एक्का (35) की मौत हो गयी, वहीं तुलमुंगा गांव के रोहित कुजूर (26), संतोष एक्का (45) व बोकटा गांव निवासी भैया राम उरांव (65) घायल हो गये. घटना के बाद सभी को सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया गया, जहां से प्रेम एक्का को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. मंगलवार की सुबह एसआइ विनय कुमार महतो ने शव का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया. घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि तुलमुंगा डुमरटोली निवासी प्रेम एक्का, रोहित कुजूर व संतोष एक्का सोमवार को बकरी चराने गांव से बाहर बांसडाड़ की ओर गये थे, तभी अचानक बारिश हुई, तो वे एक पेड़ के नीचे खड़े हो गये. तभी अचानक वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में तीनों आ गये. शाम में बारिश के बाद गांव वालों ने तीनों को देखा व प्राथमिक उपचार के लिए तीनों को गोबर में ढक दिया. कोई प्रतिक्रिया नहीं दिखने पर सोमवार देर शाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायडीह लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रेम एक्का को मृत घोषित कर दिया. वहीं रोहित कुजूर व संतोष एक्का को बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया. इधर, बोकटा गांव निवासी भैयाराम उरांव अपनी बारी में काम कर रहा था, तभी वज्रपात की चपेट में आकर घायल हो गया. परिजनों ने उसे सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >