निर्वाचन कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : उपायुक्त

नगर निकाय चुनाव को लेकर गठित निर्वाचन कोषांगों के पदाधिकारियों की बैठक

गुमला. नगरपालिका निर्वाचन (आम) 2026 को लेकर गठित सभी निर्वाचन कोषांगों के पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक मंगलवार को हुई. अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित व पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमा ने संयुक्त रूप से की. बैठक में नगरपालिका निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने को लेकर समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. निर्वाचन कोषांग को आयोग के दिशा-निर्देशों व प्रेक्षकों की सतत निगरानी में मतदान व मतगणना की प्रक्रिया संपन्न कराने का निर्देश दिया गया. कार्मिक कोषांग को चुनाव ड्यूटी के लिए कर्मियों की पोर्टल पर प्रविष्टि सुनिश्चित करने तथा निर्धारित तिथि से पूर्व रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया. व्यय प्रेक्षक कोषांग को उम्मीदवारों को निर्धारित तिथि की सूचना देते हुए निर्वाचन व्यय के लेखा संधारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. सामग्री कोषांग को मतदान से संबंधित आवश्यक सामग्रियों का आकलन करते हुए स्थानीय स्तर पर अन्य आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति सुनिश्चित करने, पोलिंग पार्टी की रवानगी, मतपेटिका प्राप्ति स्थल तथा मतगणना कक्ष का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया गया. परिवहन कोषांग को आवश्यकता के अनुरूप छोटी व बड़ी गाड़ियों की पर्याप्त व्यवस्था करते हुए वीएमएस पोर्टल पर वाहन प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया. साथ ही उम्मीदवारों समेत क्षेत्र के सभी लाइसेंसी हथियार धारकों से शस्त्र जमा कराने की कार्रवाई तेज करने, उम्मीदवारों को चुनाव प्रचार की अनुमति के लिए सिंगल विंडो सुविधा शुरू करने, उड़नदस्ता टीम को सक्रिय रखते हुए निगरानी व कार्रवाई बढ़ाने, मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं का सर्वे कर आवश्यक सुधार करने तथा मतदान के दिन पोलिंग पार्टी के लिए निर्बाध बिजली व भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिया गया. डिस्पैच, काउंटिंग व प्रशिक्षण कोषांग के कार्यों की समीक्षा में बताया गया कि कुल 44 मतदान केंद्रों पर 26 भवनों में मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी, जिसे सुचारू रूप से कराने के लिए सभी संबंधित टीमों को हाई अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया. साथ ही मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट व अवैध गतिविधियों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने, सोशल मीडिया पर सक्रिय निगरानी रखने, किसी प्रकार के अवैध संदेश अथवा पोस्ट पर कार्रवाई करने, कंट्रोल रूम को पूर्ण रूप से सक्रिय रखने तथा डिस्पैच व मतदान दिवस के लिए ट्रैफिक प्लान सुनिश्चित करने के निर्देश दिया गया. नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई करने की चेतावनी दी गयी. उपायुक्त ने कहा कि सभी कोषांग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेवारी व समन्वय के साथ करें. कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं हो. यह कार्य आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप टीम भावना से किया जाना है. बैठक में प्रतिनियुक्त व्यय प्रेक्षक एवं सामान्य प्रेक्षक, डीडीसी, एसी, डीसीएलआर गुमला, बसिया व चैनपुर, एसडीओ चैनपुर व बसिया सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >