गुमलाः जिले में नालसा की विभिन्न योजनाओं को आमलोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 60 दिवसीय मेगा जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत पालकोट प्रखंड की बाघिमा पंचायत से की गयी. कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजीत कुमार सिंह के आदेश तथा डीएलएसए सचिव के मार्गदर्शन में किया गया.
कार्यक्रम में ग्रामीणों को नालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गयी. इनमें डॉन, जागृति, संवाद, एलएसयूसी, वीर परिवार सहायता योजना, शिक्षा योजना समेत अन्य कानूनी सहायता और कल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं. पंचायत की मुखिया जॉस्फिन टेटे ने स्वागत भाषण दिया और पंचायत में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की.
ये भी पढ़ें- झारखंड के 35 हजार स्कूलों में कल से शुरू होगा राष्ट्रीय खेल दिवस आयोजन
कानूनी सहायता के साथ सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता
स्थायी लोक अदालत के सदस्य शंभू सिंह ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार जनता और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करता है. जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्राधिकार हमेशा तत्पर है. उन्होंने ग्रामीणों को नालसा की योजनाओं की जानकारी देने के साथ डायन-बिसाही, बाल विवाह, मानव तस्करी, शिक्षा और नशे जैसी सामाजिक समस्याओं के प्रति भी जागरूक किया.
नि:शुल्क कानूनी सहायता की दी जानकारी
लीगल एड डिफेंस काउंसिल के प्रमुख डीएन ओहदार ने भी ग्रामीणों को नालसा की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया. उन्होंने नि:शुल्क कानूनी सहायता, वीर परिवार सहायता योजना, वन्य जीव संघर्ष के पीड़ितों को न्याय समेत अन्य विधिक सेवाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति जेल में बंद है और उसका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है, तो लीगल एड डिफेंस काउंसिल के माध्यम से उसके परिवार को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध करायी जा सकती है. कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सावना पहान, उप मुखिया अजय किंडो, डीएलएसए के प्रकाश पांडे, मनीष, पीएलबी राजू साहू, बीणा कुमारी समेत अन्य लोग मौजूद थे.
ये भी पढ़ें- मोबाइल चोरी करते पकड़ाया युवक, लोगों ने पोल से बांधकर पीटा
